लैंड स्कैम मामले में IAS अफसर देवी शरण उपाध्याय सस्पेंड, भ्रष्‍टाचार पर योगी सरकार ने किया बड़ा वार

देवी शरण उपाध्याय

आरयू वेब टीम। योगी सरकार ने साल 2012 बैच के आइएएस अधिकारी देवीशरण उपाध्याय को सस्पेंड कर दिया है। देवीशरण को शनिवार को ही सरकार ने सदस्य न्यायिक राजस्व परिषद प्रयागराज के पद से हटाते हुए प्रतीक्षारत किया था। उन पर अलीगढ़ में जमीनों के पट्टे के मामले में मनमाने तरीके से बहाल करने का आरोप है। अब उन्हें सस्पेंड कर सरकार ने राजस्व परिषद के साथ संबद्ध कर दिया है।

देवीशरण की अलीगढ़ के मंडलायुक्त ने उच्च स्तर पर शिकायत की थी। नियुक्ति विभाग ने उन्हें 13 जुलाई को ही पद से हटाते हुए प्रतीक्षारत कर दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें सस्पेंड कर दिया है। इस मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति बना दी गई है।

यह भी पढ़ें- एटीएस ASP राहुल श्रीवास्तव सस्पेंड, युवती ने रेप व अबॉर्शन कराने का लगाया था आरोप

बता दें कि देवीशरण उपाध्याय चार जुलाई 2022 में प्रयागराज में सदस्य न्यायिक राजस्व परिषद के पद पर तैनात किए गए थे। देवीशरण पर अलीगढ़ में 35 भूखंडों के पट्टों को मनमाने तरीके से बहाल करने का आरोप है। अलीगढ़ जिला प्रशासन ने इन पट्टों को नियम विरुद्ध दिए जाने पर खारिज करने की संस्तुति की थी। बाद में यह मामला राजस्व परिषद में चला गया था। जिला प्रशासन की स्पष्ट संस्तुति के बाद भी उन्होंने इन पट्टों को बहाल करने का आदेश पारित कर दिया था।

यह भी पढ़ें- देर रात यूपी में 11 IAS अफसरों का ट्रांसफर, अयोध्‍या सहित पांच जिलों के बदले DM, प्रथमेश कुमार को मिली LDA VC की जिम्‍मेदारी