बोले अखिलेश, भाजपा सरकार की नकारात्मक राजनीति से हुआ UP का बहुत नुकसान, मुख्‍यमंत्री ने किया जनता के साथ भेदभाव

नकारात्मक राजनीति
कार्यकताओं को संबोधित करते अखिलेश यादव साथ में शिवपाल यादव व अन्‍य।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज एक बार फिर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। सपा मुखिया ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर लोकतंत्र को आघात पहुंचा रही है। उपचुनाव में भी जनता को गुमराह कर रही है। सात साल की सरकार के दौरान यूपी के मुख्यमंत्री ने जनहित में कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं किया। जनता से किए वादों को पूरा नहीं किया। जनता के साथ भेदभाव किया। विकास कार्य ठप्प है। भाजपा सरकार के पास जनता को बताने के लिए कोई काम नहीं है।

अखिलेश यादव शनिवार को समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ में डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहें थें। जहां उन्‍होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में हार से भाजपा बौखलाई है। झूठ और लूट भाजपा का एजेण्डा है। सरकारी धन की लूट और झूठ बोलकर विरोधी दलों का बदनाम करने को भाजपा विकास समझती है। जनता भाजपा की चालों को समझ चुकी है।

वहीं सीएम योगी के सपा की लाल टोपी पर कारनामें काले हैं वाले बयान पर पलटवार करते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा के नेता बेतुकी बातें करते है। सभी राजनीतिक दलों के झंडे अलग-अलग रंगों के होते हैं। मुख्यमंत्री को लाल रंग से ऐतराज क्यों है? ऐसा लगता है कि लोकसभा चुनाव में जनता ने समाजवादी पार्टी के पक्ष में जिस तरह का भारी समर्थन जताया है और भाजपा की चुनाव में हार हुई है, इसलिए मुख्यमंत्री लाल रंग के प्रति दुर्भावना रखने लगे हैं।

यह भी पढ़ें- CM योगी का अखिलेश पर हमला, सपा की टोपी लाल, कारनामे हैं काले

साथ ही अखिलेश ने कहा कि भाजपा की नीतियां पीडीए, किसान, नौजवान विरोधी है। पीडीए की एकजुटता से भाजपा घबराई हुई है। समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ रही। सपा सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्ध है। सपा सरकार के समय गांव, गरीब, किसान और नौजवान के हित में तमाम फैसले लिए, लेकिन भाजपा सरकार ने हर वर्ग को धोखा दिया है। भाजपा सरकार ने गांवों, किसानों की उपेक्षा की है। गांवों का विकास सपा ही कर सकती है। विकास भाजपा के बस की बात नहीं है।

यह भी पढ़ें- नौकरशाही में लैटरल एंट्री पर भड़का विपक्ष, अखिलेश ने कहा, फैसला वापस ले केंद्र सरकार वरना करेंगे आंदोलन