अखिलेश का भाजपा पर हमला, “प्रदेश में बढ़ रही हत्या-लूट व बलात्कार की घटनाएं, झूठे हैं सरकार के दावे”

अखिलेश यादव

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को यूपी की कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। अखिलेश ने कहा कि लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में हत्या, लूट, बलात्कार की घटनाएं बढ़ती जा रही है। कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार के सारे दावे झूठे है। अपराधियों का कानून का कोई डर नहीं हैं प्रदेश के हर जिले में अपराधिक घटनाएं हो रही है।

यह भी पढ़ें- लाखों रुपए की लाइटें गायब होने पर अखिलेश का योगी सरकार पर तंज, अयोध्या में चोरों ने की कानून-व्यवस्था की बत्‍ती गुल

सपा मुखिया ने कहा कि सरकार का कानून-व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो हो चुका है। प्रदेश में हर सप्ताह अपराध की सैकड़ों घटनाएं हो रही है। राजधानी में रिटायर्ड आइएएस से लूट हुई। लखनऊ में ही एक डिलीवरी ब्वॉय से लूट और उसकी हत्या हो गयी। पिछले दिनों लखनऊ में ही एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गयी। कल ही सोमवार को गजरौला में प्रापर्टी डीलर की हत्या हो गयी।

असली अपराधियों पर कार्रवाई नहीं

सपा सुप्रीमो ने हमला जारी रखते हुए कहा कि भाजपा सरकार में असली अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती है। इसी कारण महिलाओं के साथ दुष्कर्म और सामूहिक बलात्कार की घटनाएं बढ़ती जा रही है। यूपी महिला अपराध के मामले में देश में नम्बर एक पर पहुंच गया है। यह बेहद शर्मनाक है। मुख्यमंत्री जी से लेकर सरकार के अन्य जिम्मेदार इसे रोकने के लिए कोई ठोस कार्रवाई के बजाय सिर्फ कागजी बयानों और बैठकों के जरिए रोकने का दावा करते नहीं थकते।

राजनीतिक विरोधियों को फंसाने…

अखिलेश ने यह भी आज कहा कि भाजपा सरकार कानून-व्यवस्था सुधारने और महिला अपराध रोकने के बजाय राजनीतिक विरोधियों को झूठे मामलों में फंसाने और बदनाम करने के लिए षडयंत्र रचती है। जब सरकार लोगों को न्याय देने के बजाय पुलिस का इस्तेमाल कर लोगों के साथ अन्याय और साजिश करेगी तो कानून व्यवस्था कैसे सुधरेगी। उत्तर प्रदेश को ध्वस्त कानून व्यवस्था और बढ़ते भ्रष्टाचार को लेकर खुद भाजपा के नेता और जनप्रतिनिधि त्रस्त होकर आवाज उठाने पर मजबूर है।

भाजपा सरकार कर रही सत्ता का दुरुपयोग

अखिलेश ने कहा कि आगरा के एक भाजपा विधायक ने पुलिस पर तमाम तरह के आरोप लगाते हुए जो चिट्ठी लिखी थी, सार्वजनिक है। सच्चाई यह है कि भाजपा सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। पुलिस का प्रयोग राजनीतिक विरोधियों और गरीबों को डराने के लिए कर रही है। निर्दोषों को झूठे मामलों में फंसाकर परेशान और अपमानित किया जाता है और आपराधिक मामलों में लिप्त अपराधी घटनाओं को अंजाम देकर बच निकलते है।

यह भी पढ़ें- शहीद पथ पर बाइकसवार शोहदे ने सरेराह की युवती से छेड़खानी, कैमरे में कैद हुई घटना