आरयू वेब टीम। नतीजों के दूसरे दिन मुख्यमंत्री आतिशी रविवार को एलजी सचिवालय पहुंची। जहां उन्होंने एलजी विनय कुमार सक्सेना को अपना इस्तीफा सौंप दिया। दिल्ली सीएम आतिशी के इस्तीफे के साथ ही आज उपराज्यपाल ने विधानसभा भंग कर दी।
नतीजों के दूसरे दिन मौजूदा मुख्यमंत्री दिन में 11 बजे एलजी सचिवालय पहुंची और यहां उन्होंने एलजी विनय कुमार सक्सेना को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके बाद एलजी ने दिल्ली विधानसभा भंग करने अधिसूचना जारी कर दी है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 48 सीटें जीतकर 26 साल बाद सत्ता में वापसी की है, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) को 40 सीटों का नुकसान हुआ और वह 22 सीटों पर सिमट गई।
जानकारी के मुताबिक सात फरवरी की तारीख वाले गजट नोटिफिकेशन में दिल्ली के उपराज्यपाल वीके. सक्सेना ने राष्ट्रीय राजधानी की सातवीं विधानसभा को भंग कर दिया। नोटिफिकेशन में कहा गया है, “राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार अधिनियम, 1991 की धारा छह की उपधारा (2) (बी) द्वारा मुझे प्रदत्त शक्ति का प्रयोग करते हुए, मैं, विनय कुमार सक्सेना, दिल्ली का उपराज्यपाल, आठ फरवरी, 2025 से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सातवीं विधानसभा को भंग करता हूं। ” इस नोटिस को आज ही पब्लिक किया गया है।
यह भी पढ़ें- AAP को तगड़ा झटका, केजरीवाल-सिसोदिया, अवध ओझा हारे चुनाव
जेल जाने के बाद पिछले साल 17 सितंबर को केजरीवाल ने आतिशी को दिल्ली की कमान सौंपी थी। आम आदमी पार्टी के विधायकों की बैठक में उन्हें दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में नामित किया गया था। वह 43 वर्ष की आयु में दिल्ली की सबसे कम उम्र की सीएम भी बनी, हालांकि उनका यह कार्यकाल महज 141 दिनों का ही रहा।