आरयू ब्यूरो, लखनऊ। अफसर-नेताओं की लापरवाही व कमीशनखोरी के चलते स्लीपर बस लगातार उत्तर प्रदेश में यात्रियों के लिए काल बनी हुई है। आज इसी क्रम में सूबे की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र स्थित किसान पथ पर स्लीपर बस में आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। इसमें जलकर महिलाएं, बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। आग लगने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने लोगों को रेसक्यू किया। जबकि कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मिली जानकारी के मुताबिक बिहार के पटना से मजदूरों और उनके परिवारों को लेकर दिल्ली जा रही डबल डेकर बस में आज तड़के किसान पथ आग लग गई। बस में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग गियर बॉक्स के पास लगी थी। जिसने कुछ ही देर में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और पांच लोगों को तो बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिला।
स्थानीय लोगों और यात्रियों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया। मौके पर भारी पुलिस बल और पीजीआइ की टीम भी पहुंची। पुलिस ने यात्रियों को रेसक्यू करने के साथ ही मृत यात्रियों के शवों को बस से बाहर निकाल पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि बस संख्या- UP17AT 6372 बुधवार दोपहर 12:30 बजे बेगूसराय, बिहार से दिल्ली के लिए चली थी। रात में 12 बजे गोरखपुर में सवारियों को बैठाया था। सुबह करीब पांच बजे कटे भीट गांव के पास लखनऊ आउटर रिंग रोड (किसान पथ) पर उसमें आग लग गई। बस में पर्दे लगे थे। इससे आग तेजी से भड़क गई। यात्री आग में फंस गए।
यह भी पढ़ें- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस ने मारी टैंकर को टक्कर, 18 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 20 घायल, तेज रफ्तार बनी काल
मृतकों की पहचान लख्खी देवी पत्नी अशोक मेहता उम्र करीब 55 साल, सोनी पुत्री अशोक महतो उम्र करीब 26 साल , देवराज पुत्र रामलाल उम्र करीब तीन साल, साक्षी कुमारी पुत्री रामलाल उम्र करीब दो साल के तौर पर हुई है। मृतकों में से एक की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री योगी ने जनपद लखनऊ में बस में आग लगने से हुए हादसे का संज्ञान ले मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।