भाजपा को झटका दे विधायक मिश्रीलाल ने छोड़ी पार्टी, कहा ‘ गरीब, पिछड़ा व दलित विरोधी है BJP’

भाजपा को झटका
मिश्रीलाल यादव। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी को झटका लगा है। दरभंगा जिले के अलीनगर विधानसभा से भाजपा विधायक मिश्रीलाल यादव ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे से एनडीए खेमे में खलबली मच गई। इस दौरान मिश्रीलाल यादव ने भाजपा पर हमला बोला और कहा कि “अब भाजपा में मेरे लिए बने रहना संभव नहीं है। ये पार्टी गरीबों-पिछड़ों और दलितों की विरोधी बन चुकी है।”

विधायक मिश्रीलाल यादव ने कहा कि भाजपा में गरीब और पिछड़े समाज के लोगों का सम्मान नहीं है। पार्टी ने कभी भी इन वर्गों के उत्थान के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “भाजपा के नेताओं को सिर्फ सत्ता की चिंता है, समाज की नहीं। मैं ऐसे संगठन में नहीं रह सकता जो सामाजिक न्याय के खिलाफ खड़ा हो।” साथ ही अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि वे एक साधारण ग्राम पंचायत मुखिया चुनाव जीतकर राजनीति में आए और संघर्ष के बल पर आज विधायक के पद तक पहुंचे हैं।

वहीं ये भी बताया कि वे दो बार एमएलसी भी रह चुके हैं और आज अलीनगर के विधायक के रूप में जनता की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अलीनगर में एनडीए पहली बार उनके प्रयासों से चुनाव जीती थी, लेकिन आज पार्टी ने उन्हें और उनके समाज को हाशिए पर धकेल दिया है। वहीं विधायक मिश्रीलाल ने कहा कि “मैं यादव परिवार में जन्मा हूं और समाज के सबसे पिछड़े तबके से आता हूं। हमेशा गरीबों और दलितों की आवाज उठाई है।

यह भी नढ़ें- EC का बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, छह व 11 नवंबर को होगा मतदान

इतना ही नहीं मैं सोशलिस्ट और सेक्युलर विचारधारा में विश्वास रखता हूं, लेकिन भाजपा ने इन विचारों का अपमान किया है।” भाजपा से इस्तीफे के बाद मिश्रीलाल यादव के महागठबंधन या किसी अन्य दल में शामिल होने की अटकलें तेज हैं। सूत्रों के अनुसार, वे जल्द ही आरजेडी या जेडीयू विरोधी किसी खेमे में जा सकते हैं।

यह भी पढ़ें- बिहार में SIR की फाइनल वोटर लिस्ट जारी, आधिकारिक पोर्टल पर देख सकेंगे विवरण