आरयू ब्यूरो, लखनऊ। सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के विरोध में
कांग्रेस नेता व कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय का घेराव करने के लिए जा रहे थे। तभी पहले से मौजूद पुलिस ने आगे बढ़ने से रोक दिया। जिससे पुलिस और कांग्रेसियों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। इस दौरान पुलिस कांग्रेसियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक आज कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत अन्य कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय का घेराव करने निकले। तभी बड़ी संख्या में पहले से तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया। पुलिस ने तीन लेयर बैरिकेडिंग कर रखी थी। रोके जाने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर ही विरोध प्रदर्शन करने के लिए बैठ गए।
प्रदर्शन के दौरान अजय राय ने कहा कि भाजपा सरकार सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करके हमारे नेताओं का अपमान कर रही है। कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया गया है। कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय जा रहे थे लेकिन, पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया, जो सही नहीं है। हमें प्रदर्शन का अधिकार है। काफी देर तक चले प्रदर्शन के बीच कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
यह भी पढ़ें- नेशनल हेराल्ड केस में राहुल-सोनिया गांधी को राहत, ED की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से कोर्ट का इनकार
वहीं प्रदर्शन से पहले प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रेसवार्ता में कहा कि कोर्ट ने जो फैसला सुनाया है उससे तय हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी ईडी का गलत इस्तेमाल कर रही है। जनता भी भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ होने लगी है। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की एक मुस्लिम महिला के साथ चेहरे से बुर्का हटाने की हरकत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बहुत ही गलत है।
यह भी पढ़ें- अब अजय राय ने लगाया आरोप, PM मोदी ने वोट चोरी से जीती वाराणसी लोकसभा, कौशल राज को मिला इसका इनाम
प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, पूर्व विधायक इंदल रावत, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश सिंह, निवर्तमान प्रदेश महासचिव जयकरन वर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी लखनऊ के अध्यक्ष रुद्र दमन सिंह बबलू, शहर कांग्रेस कमेटी लखनऊ अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी, मनीष श्रीवास्तव हिंदवी व डॉ. उमाशंकर पाण्डेय समेत कांग्रेस के अन्य नेता-कार्यकर्ता मौजूद रहें।




















