कोलकाता में कालीघाट मंदिर के बाहर CEC ज्ञानेश कुमार का विरोध, लगे ‘वापस जाओ’ के नारे

सीईसी
सीईसी का विरोध करते लोग।

आरयू वेब टीम। पश्चिम बंगाल में अगले कुछ दिनों में विधानसभा चुनाव होने हैं। तारीखों के ऐलान से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ने राज्य का दौरा किया। हालांकि इस यात्रा के दौरान सीईसी को राज्य में भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर उनको लेकर ‘वापस जाओ’ के नारे लगाए गए, कई जगहों पर उन्हें काले झंडे भी दिखाए गए।

दरअसल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार सोमवार सुबह दक्षिण कोलकाता के पवित्र कालीघाट मंदिर पहुंचे जहां लोगों ने सीईसी का विरोध कर ‘वापस जाओ’ के नारे लगे और उन्हें काले झंडे तक दिखाए गए, हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसवालों ने जल्द ही हालात को काबू में कर लिया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार आसानी से मंदिर में जा सके।

इस संबंध में पुलिस ने बताया कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले ज्ञानेश कुमार के तीन दिन के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वह मंदिर में दर्शन के बाद विधानसभा चुनाव की तैयारियों का रिव्यू करने के लिए कई राजनीतिक दलों, प्रवर्तन एजेंसियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अफसरों के साथ बैठक भी करेंगे।

गौरतलब है कि ज्ञानेश के कोलकाता पहुंचने के बाद, कल रविवार रात को भी एयरपोर्ट के पास ऐसे ही प्रदर्शन देखे गए। जब उनका काफिला कल एयरपोर्ट से निकल रहा था, तो तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनका विरोध कर  ‘वापस जाओ’ के नारे लगाए। इस दौरान जब वो वीआइपी  रोड के साथ कैखली इलाके निकल रहे थे तब भी उनको काले झंडे दिखाए गए। एसआइआर प्रक्रिया को लेकर टीएमसी ज्ञानेश के खिलाफ लगातार मुखर रही है और चुनाव आयोग पर हमले करती रही है।

यह भी पढ़ें- राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल का कैसे हुआ उल्लंघन केंद्र ने ममता सरकार से मांगा जवाब

मुख्य चुनाव आयुक्त का विरोध सिर्फ सत्तारुढ़ टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने ही नहीं किया बल्कि लेफ्ट पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने भी एयरपोर्ट के बाहर उनका विरोध प्रदर्शन किया, जिससे इलाके में तनाव बढ़ गया, हालांकि सुरक्षा में तैनात पुलिस ने स्थिति को काबू में रखा। पुलिस का कहना है कि हालात को सख्ती से संभाल लिया गया, जिससे विरोध प्रदर्शन बढ़ने से रुक गया।

यह भी पढ़ें- नए राज्यपाल आरएन रवि को CM ममता ने बताया ‘भाजपा कार्यकर्ता’, बोस पर दबाव बनाए जाने का लगाया आरोप