दिल्ली के दो कॉलेज को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

बम की धमकी

आरयू वेब टीम। स्कूल और एयरपोर्ट के बाद एक बार फिर दिल्ली विश्‍वविद्यालय के दो कॉलेज को धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें दावा किया गया कि दोपहर करीब 12:30 बजे कॉलेज परिसर में 13 जहरीली गैसों से भरा बम फट सकता है। इस सूचना के बाद कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया और पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

मिली जानकारी के मुताबिक रामजस कॉलेज और मिरांडा हाउस को कॉलेज प्रशासन को सोमवार सुबह 8:17 मिनट पर एक ईमेल मिला। इसमें कॉलेज परिसर में बड़े हमले की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। पूरे कॉलेज परिसर को घेरकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। हर संदिग्ध वस्तु और स्थान की बारीकी से जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- जिला अदालत में बम की धमकी, खाली कराया गया परिसर

वहीं कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर अजय अरोड़ा ने बताया कि कॉलेज में सभी छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया। परिसर को पूरी तरह खाली कराकर सुरक्षा घेरे में लिया गया, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके। धमकी भरे ईमेल की सच्चाई और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसी जांच कर रही है। कॉलेज और आस-पास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के तीन स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप