दिल्ली के कई स्कूलों को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी

बम की धमकी

आरयू वेब टीम। दिल्ली में एक बार फिर कई स्कूलों को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जिससे स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आनन-फानन में संबंधित स्कूलों के परिसरों को खाली कराया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दिल्ली पुलिस ने स्कूल की जांच की।

मिली जानकारी के मुताबिक आज सुबह जैसे ही स्कूल प्रबंधन ने धमकी भरा ईमेल देखा तो तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। साथ ही अभिभावकों को  सूचित कर पैनिक न होने और बच्चों को सुरक्षित घर ले जाने की सलाह दी गई। वहीं सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंची। प्राथमिक स्तर पर पुलिस इसे किसी की शरारत मानकर भी जांच की। साथ ही दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ईमेल भेजने वाले के आईपी एड्रेस को ट्रैक करने में जुटी है ताकि आरोपित तक जल्द पहुंचा जा सके।

यह भी पढ़ें- फिर मिली कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराया गया परिसर

वहीं धमकी भरे ईमेल प्राप्त करने वाले स्कूलों में मदर इंटरनेशनल स्कूल, हौज खास शामिल है। इसके अलावा नेवी चिल्ड्रन स्कूल, चाणक्यपुरी को भी ऐसी ही धमकी मिली। रोहिणी के सेक्टर 14 स्थित बाल भारती पब्लिक स्कूल को भी ईमेल के जरिये बम की धमकी मिली है। दिल्ली पुलिस सभी प्रभावित स्कूलों में गहन जांच अभियान चलाया। पुलिस टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर रख रही हैं। अब तक की जांच में किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के तीन स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप