आरयू वेब टीम। कांग्रेस नेता राहुल गांधी बिहार के जमुई में लड़की से हुई छेड़छाड़ के मामले पर गुस्सा जाहिर किया है। कांग्रेस नेता ने सोमवार को कहा कि जमुई का वीडियो बेचैना करने वाला है। राहुल ने बिना नाम लिए भारतीय जनता पार्टी पर भी तंज कसते हुए कहा कि अंधभक्त ऐसी सोच को सामान्य ठहराते हैं। जबकि कांग्रेस नेता ने बिहार सरकार से जवाब भी मांगा है।
राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्टकर कहा, ‘बिहार के जमुई का एक वीडियो बहुत बेचैन करने वाला है। 10वीं क्लास के एक छात्र और छात्रा को रास्ते में जबरदस्ती रोक लिया गया। उन्हें प्रताड़ित किया गया, अपमानित किया गया और छात्रा के साथ उत्पीड़न किया गया। बच्ची हाथ जोड़कर उसे जाने देने की विनती करती रही, मगर गुंडे उसे गलत तरीके से छूते और खींचतान करते रहे।’ उन्होंने कहा, ‘इन लोगों को ऐसी बदतमीजी करने का हक किसने दिया? यह “संस्कृति” नहीं है, यह ˈपेट्रिआकि है।
ये सोच कि किसी भी पुरुष का किसी लड़की के शरीर, उसके आने-जाने और उसकी पसंद-नापसंद पर नियंत्रण है। जब नियंत्रण को ही संस्कृति मान कर ‘अंधभक्त’ ऐसी सोच को सामान्य ठहराते हैं, तो भीड़ को लगने लगता है कि वही कानून है।’ राहुल गांधी ने कहा, ‘उस वीडियो में दिख रहे हर व्यक्ति की पहचान होनी चाहिए और उन अपराधियों पर पीओसीएसओ के तहत मुकदमा चलाकर उन्हें जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए।
अगर ये घटना 19 सितंबर की है तो गुनहगार अब तक सलाखों के पीछे क्यों नहीं हैं? और बिहार सरकार जवाब दे कि शाम सात बजे कोई लड़की राज्य की सड़कों पर सुरक्षित क्यों नहीं है?’ बता दें कि जमुई में एक लड़की से छेड़खानी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। कई युवकों ने लड़की के साथ हैवानियत करने की कोशिश की थी। इस मामले को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज की और तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।




















