इंदिरा गांधी की जयंती पर खड़गे-प्रिंयका समेत कई नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री के योगदान को किया याद

इंदिरा गांधी
इंदिरा गांधी की जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित करते खड़गे साथ में सोनिया गांधी व अन्‍य।

आरयू वेब टीम। देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) चेयरपर्सन सोनिया गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, अशोक गहलोत ने गुरुवार को दिल्ली स्थित ‘शक्ति स्थल’ पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित की और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद किया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए इंदिरा गांधी को अदम्य साहस, संघर्ष और सशक्त नेतृत्व की प्रतीक बताया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “भारत की ‘लौह महिला’ और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर शत-शत नमन। देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए उन्होंने अपना जीवन न्योछावर कर दिया। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण, योगदान, दृढ़ इच्छाशक्ति और निर्णायक नेतृत्व सदैव हमारी प्रेरणा बना रहेगा।”

आपकी जैसी दूसरी कोई कभी नहीं होगी: प्रियंका गांधी

इंदिरा गांधी की जयंती पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वे अपनी छोटी उम्र में दादी इंदिरा गांधी के साथ खेलते हुए दिखीं। उन्होंने अपनी दादी इंदिरा को ‘शेरनी’ बताया और कहा कि ‘आपकी जैसी दूसरी कोई कभी नहीं होगी।’

साहस और दृढ़ निश्चय का अद्भुत संगम: गहलोत

गहलोत ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें शक्ति, संवेदनशीलता, साहस और दृढ़ निश्चय का अद्भुत संगम बताया। गहलोत ने कहा कि इंदिरा गांधी ऐसी बेटी थीं, जिन्होंने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका दृढ़ नेतृत्व, राष्ट्र के प्रति समर्पण और जनकल्याण की भावना सदैव प्रेरित करता रहेगा। पूर्व सीएम ने कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन सिखाता है कि मजबूत नेतृत्व वही है, जो राष्ट्रहित के प्रति दृढ़ होने के साथ-साथ आमजन के दुख-दर्द के प्रति भी संवेदनशील हो। कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी इंदिरा गांधी के नेतृत्व और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।

मुश्किल दौर में देश का नेतृत्व करते हुए बनाई अलग पहचान: शरद पवार

वहीं एनसीपी-एसपी प्रमुख शरद पवार ने पोस्ट किया, “मुश्किल दौर में देश का नेतृत्व करते हुए इंदिरा गांधी ने भारतीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की भूमिका को दृढ़ता से रखना, देश की सुरक्षा के मुद्दों को संभालना और आर्थिक-सामाजिक नीतियों के माध्यम से देश की प्रगति पर प्रभाव डालना, ये उनके कार्यकाल की महत्वपूर्ण बातें थीं। उनके राजनीतिक सफर से नेतृत्व में साहस, फैसलों के दूरगामी परिणाम और लोकतंत्र में जवाबदेही पर विचार करने का अवसर मिलता है। भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर उनकी स्मृति को विनम्र श्रद्धांजलि।” कांग्रेस के कई अन्य नेताओं ने भी इंदिरा गांधी के नेतृत्व और देश के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

यह भी पढ़ें- राहुल गांधी का आरोप, PM मोदी ने ट्रंप के सामने झुकने व अमेरिका को बड़ी रकम देने का किया फैसला

बता दें कि इंदिरा गांधी का जन्म 19 नवंबर 1917 को उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में हुआ था। उनके पिता जवाहरलाल नेहरू देश के प्रथम प्रधानमंत्री थे। वह भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं। उन्होंने 1966 से 1977 और फिर 1980 से 1984 तक प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल में 1971 का भारत-पाकिस्तान युद्ध और बांग्लादेश का गठन सबसे प्रमुख घटना रही। 31 अक्टूबर 1984 को नई दिल्ली में उनकी हत्या कर दी गई थी।

यह भी पढ़ें- लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि पर खड़गे ने श्रद्धांजलि देकर कहा, देश की उन्नति के लिए हमेशा किया काम