CM अशोक गहलोत के सीने में दर्द के बाद की गई एंजियोप्लास्टी, लगा स्‍टेंट

एंजियोप्लास्टी
अस्पताल में भर्ती सीएम गहलोत।

आरयू वेब टीम। राजस्‍थान के मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत के सीने में उठे तेज दर्द के बाद शुक्रवार को उनकी एंजियोप्लास्टी की गई है, हांलाकि अब सीएम की तबीयत ठीक बताई जा रही है। एंजियोप्लास्टी के बाद सीएम गहलोत को 24 घंटे सवाई मानसिंह अस्पताल में ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा। साथ ही एसएमएस के वरिष्ठ चिकित्सक उनके स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रखे हुए हैं।

जानकारी के अनुसार गहलोत की एक आर्टरी में 90 फीसदी ब्लॉकेज पाया गया, जिसके बाद एक स्‍टेंट लगाया गया है। वहीं गहलोत की तबीयत खराब होने की जानकारी के बाद कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अजय माकन समेत कांग्रेस और भाजपा के कई नेताओं ने उनके जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

इस बारे में गहलोत ने खुद ट्वीट कर बताया कि कोविड के बाद मुझे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो रही थीं। कल से मेरे सीने में तेज दर्द हो रहा था। अभी एसएमएस अस्पताल में अपना सीटी एनजीओ करवाया है। एंजियोप्लास्टी की जाएगी। मुझे खुशी है कि मैं इसे एसएमएस अस्पताल में करवा रहा हूं। मैं ठीक हूं और जल्द ही वापस आऊंगा। आपका आशीर्वाद और शुभकामनाएं मेरे साथ हैं।

यह भी पढ़ें- राज्‍यपाल ने तीसरी बार राजस्थान सरकार को लौटाई फाइल, मिले अशोक गहलोत

गौतलब है कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बताया कि मुख्यमंत्री के एक आर्टरी में 90 फीसदी ब्लॉकेज था। एंजियोप्लास्टी के बाद मुख्यमंत्री अब स्वस्थ हैं। कल रात से मुख्यमंत्री के सीने में दर्द हो रहा था। एसएमएस अस्पताल की कैथ लैब में उनकी एंजियोप्लास्टी की गई है। डॉ. दीपक माहेश्वरी और अन्य चिकित्सकों ने सीएम की एंजियोप्लास्टी की है। एंजियोप्लास्टी के बाद गहलोत को सीसीयू में शिफ्ट किया गया है।

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अजय माकन ट्वीट कर सीएम गहलोत के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। इस बीच मुख्य सचेतक महेश जोशी अशोक गहलोत से मिलने के लिये एसएमएस अस्पताल पहुंचे।

यह भी पढ़ें- राजभवन में एकत्रित हुए कांग्रेस विधायक, गहलोत के समर्थन में लगाए नारे