आरयू वेब टीम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय चॉकलेट की तारीफ की, जो चर्चा का विषय बन गई है। मोदी ने कहा कि “सूरत की ‘श्मिटेन’ चॉकलेट, ‘मेड इन इंडिया’ फाइन चॉकलेट ब्रांड के रूप में वैश्विक स्तर पर अपनी एक अलग पहचान बना रही है। इसके अलावा हमारे देश में स्टाइलिश चॉकलेट बुटीक का एक नया चलन भी देखने को मिल रहा है। यहां आपको सिर्फ चॉकलेट ही नहीं, बल्कि एक ऐसा लग्जरी अनुभव मिलता है, जिसमें भारतीयता की झलक भी देखने को मिलती है।”
वहीं पीएम मोदी ने कहा, “देश के अलग-अलग हिस्सों से उद्यमी चॉकलेट बनाने के क्षेत्र में नए विचारों के साथ आगे आ रहे हैं। आज इस क्षेत्र में कई स्टार्टअप नवाचार (इनोवेशन) को बढ़ावा दे रहे हैं। कई स्टार्टअप्स ने स्थानीय स्तर पर मिलने वाली सामग्रियों का इस्तेमाल करके नए फ्लेवर तैयार किए हैं। इससे हमारे किसानों, महिलाओं और युवा उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं।”
ऊंट के दूध से बनी चॉकलेट
वहीं प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “चॉकलेट और गुजरात के कच्छ क्षेत्र के बीच भी एक खास संबंध है। खास तौर पर ऊंट के दूध से बनी चॉकलेट। अमूल, स्थानीय ऊंट पालकों से लिए गए दूध का इस्तेमाल करके चॉकलेट, केसर के स्वाद वाला दूध और ‘राजभोग’ आइसक्रीम जैसे उत्पाद बनाता है।”
ताड़ का गुड़ पहली बार यूरोप पहुंचा
इस दौरान नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ में गुड़ का भी जिक्र किया। पीएमने कहा “सदियों से गुड़ हमारे घरों का स्वाद और सेहत का खजाना रहा है। अब ये दुनिया तक पहुंच रहा है। तमिलनाडु के इरोड का ऑर्गेनिक ताड़ का गुड़ पहली बार यूरोप पहुंचा है। इसमें गुड़ का पारंपरिक स्वाद तो है ही, साथ ही यह उच्च गुणवत्ता वाला भी है।”
नशा बन गया एक बड़ी चुनौती
इसके अलावा पीएम मोदी ने ‘ड्रग्स यानी ‘नशे की लत।’ के बारे में भी बात कर कहा कि आज दुनिया में भारत के युवाओं की प्रतिभा की कितनी चर्चा हो रही है। हमारे युवा बड़े-बड़े सपने देख रहे हैं, उन्हें पूरा करने के लिए जी-जान से जुटे हैं, लेकिन युवाओं के इन सपनों के सामने ड्रग्स, नशा एक बड़ी चुनौती बन गई है। पीएम ने कहा कि देश में ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ भी जोरों पर चल रहा है।
यह भी पढ़ें- मन की बात में बोले PM मोदी, भारत के ऐतिहासिक पलों व उपलब्धियों से भरा रहा नवंबर 2025
बता दें कि श्मिटेन’ एक भारतीय चॉकलेट और कन्फेक्शनरी ब्रांड है, जिसकी स्थापना राजहंस न्यूट्रिमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड (राजहंस ग्रुप का हिस्सा) के तहत हुई थी और इसका मुख्यालय सूरत में है। श्मिटन के अनुसार, ये ब्रांड श्मिटन लग्जरी चॉकलेट्स, हॉप्पिट्स और कस्टम गिफ्ट कॉम्बो जैसी श्रेणियों में 50 से अधिक तरह की चॉकलेट पेश करता है।




















