आरयू ब्यूरो, लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने लोकसभा व राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने के मोदी सरकार के फैसले का स्वागत किया है। हालांकि इस आरक्षण के अंदर अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण की व्यवस्था करने की मांग उठाई है। मायावती का कहना है कि ऐसा होने से सदियों से शोषित, पीड़ित और उपेक्षित महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ने का उचित अवसर मिल सकेगा।
यह भी पढ़ें- परिसीमन बिल पर सुप्रिया सुले ने कहा, 50 प्रतिशत सीटें बढ़ीं तो समर्थन का करेंगे विचार
मायावती ने शनिवार को एक्स पर पोस्टकर कहा कि यह सब जानते हैं कि परमपूज्य बाबा साहब डा. भीमराव अंबेडकर के मानवतावादी, कल्याणकारी और समतामूलक संविधान की पवित्र उद्देश्यों के प्रति सदा ही निष्ठावान और ईमानदार रहने के नाते बसपा शुरू से ही देश में सर्वसमाज की महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा सहित उन्हें राजनीति में भी उचित आदर व अवसर दिये जाने की जबरदस्त पक्षधर रही है। इसीलिए देश की लोकसभा व राज्यों की विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण को जल्द से जल्द लागू करने की मांग लगातार करती रही है। इस बारे में केंद्र सरकार के ताजा फैसले का स्वागत भी करती है।’
…अलग से आरक्षण देने की व्यवस्था कर दी जाती
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि ‘अच्छा बल्कि ऐतिहासिक होता अगर सदियों से शोषित-पीड़ित और उपेक्षित रहीं, खासकर एससी और एसटी समाज की महिलाओं को इसी में ही अलग से आरक्षण देने की व्यवस्था कर दी जाती। ताकि संकीर्ण, जातिवादी, धन और बाहुबल आदि से ग्रसित यहां की चुनावी राजनीति में उन्हें भी सही से भाग लेकर थोड़ा आगे बढ़ने का मौका मिल जाता तो यह निश्चय ही देश व जनहित की बेहतर बात होती। इस पर केंद्र सरकार अभी भी सहानुभूति पूर्वक विचार कर ले तो ये जरूर ही उचित और न्यायपूर्ण भी होगा।’
देश व जनहित की परवाह कम पार्टी हित को महत्व
वहीं परिसीमन का जिक्र कर बीएसपी सुप्रीमो ने कहा, ‘वैसे देश की लोकसभा व सभी राज्यों की विधानसभा में मौजूदा सीट संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि आदि से संबंधित तीन विधेयकों और तत्सम्बंधी परिसीमन निर्धारण करने के दौरान में सीटों की सीमा तय करने में गड़बड़ी करके राजनीतिक व चुनावी स्वार्थ की पूर्ति करने का आरोप कोई नई बात नहीं है। वास्तव में जो भी पार्टी केंद्र की सत्ता में रहती है, वह ऐसे अधिकतर मामलों में देश व जनहित की परवाह कम तथा पार्टी हित को अधिक महत्व देती है,जो किसी से भी छिपा हुआ नहीं है।
अच्छे लोगों को ही चुनने का लें संकल्प
ऐसे में देश में सर्वसमाज के लोग अच्छी सरकार के लिये, बिना किसी धर्म, जाति व क्षेत्रीयता आदि की भावना में बहे हुए और बिना किसी लुभावने वादे, दावे-घोषणाओं के छलावा में आये हुए, अच्छे लोगों को ही चुनने का संकल्प लें, तो यह यहां देश के लोकतंत्र और संविधान की सुरक्षा-सम्मान में असली गारंटी होगी, जिसके लिए बसपा तत्पर है।
यह भी पढ़ें- राजनीत में आरोपों का गिरता स्तर अति चिंतनीय, मायावती ने इशारों में कसा खड़गे पर तंज




















