आरयू वेब टीम। सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट में जजों की नियुक्ति में सामाजिक प्रतिनिधित्व को लेकर पूर्व मुख्य न्यायाधीश (सीजेआइ) बीआर गवई ने गंभीर चिंता जताई है। सीजेआइ ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर न्यायपालिका में अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), अल्पसंख्यक और महिलाओं की पर्याप्त भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए हस्तक्षेप की मांग की है।
शुक्रवार को लिखे लेटर में गवई ने कॉलेजियम व्यवस्था की जवाबदेही पर भी सवाल उठाए हैं। साथ ही आरोप लगाया कि न्यायपालिका में नियुक्तियों के दौरान योग्यता और समावेशिता के सिद्धांतों की अनदेखी हो रही है और एक खास समुदाय को प्राथमिकता दी जा रही है। पूर्व सीजेआइ ने अपने पत्र में संसद में पेश आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि जनवरी 2021 से जनवरी 2026 के बीच न्यायिक नियुक्तियों में करीब 80 फीसदी हिस्सेदारी अगड़े समुदायों की रही है, जबकि ओबीसी वर्ग को 14 फीसदी से भी कम प्रतिनिधित्व मिला है।
यह भी पढ़ें- गिरफ्तार सरकारी कर्मचारियों को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका, 48 घंटे हिरासत में रहते ही होगा सस्पेंड
साथ ही कहा कि देश की आबादी में ओबीसी की हिस्सेदारी करीब 40 से 50 फीसदी होने के बावजूद उच्च न्यायपालिका में उनका प्रतिनिधित्व काफी कम है।
गवई ने मार्च 2025 में राज्यसभा में केंद्रीय कानून मंत्री की ओर से दिए गए आंकड़ों का भी उल्लेख किया। इसके मुताबिक, 2018 से अब तक नियुक्त किए गए 715 हाईकोर्ट जजों में केवल 22 अनुसूचित जाति, 16 अनुसूचित जनजाति, 89 अन्य पिछड़ा वर्ग और 37 अल्पसंख्यक समुदायों से थे। शेष में करीब तीन-चौथाई जज सामान्य वर्ग से थे।
विशेष समुदाय के प्रतिनिधित्व पर भी उठाए सवाल
गवई ने कहा कि कानून मंत्रालय ने भी संसदीय समिति के सामने उच्च न्यायपालिका में पिछड़े व अल्पसंख्यक समुदायों के असमान प्रतिनिधित्व की बात स्वीकार की थी। साथ ही अपने पत्र में सुप्रीम कोर्ट में एक विशेष समुदाय के प्रतिनिधित्व को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि देश की आबादी में पांच फीसदी से कम हिस्सेदारी रखने वाले इस समुदाय का सुप्रीम कोर्ट में प्रतिनिधित्व 40 फीसदी से अधिक हो गया है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में नियुक्तियों के दौरान जजों की जाति का रिकॉर्ड नहीं रखा जाता और यह पारदर्शिता की कमी भी समस्या का हिस्सा है।
सामाजिक संरचना में नहीं आया अपेक्षित बदलाव
वहीं प्रोफेसर जॉर्ज गैडबोइस के अध्ययन का हवाला देते हुए पूर्व सीजेआइ ने कि 1950 से 1989 के बीच सुप्रीम कोर्ट में एक समुदाय की हिस्सेदारी उसकी आबादी के अनुपात से कहीं अधिक थी। गवई के मुताबिक संविधान लागू होने के 75 साल बाद भी न्यायपालिका की सामाजिक संरचना में अपेक्षित बदलाव नहीं आया है। पूर्व मुख्य न्यायाधीश ने जजों की नियुक्ति प्रक्रिया में राष्ट्रपति की संवैधानिक भूमिका का भी जिक्र किया। आगे कहा कि संविधान के अनुच्छेद 124(2) के तहत सुप्रीम कोर्ट के जजों की नियुक्ति राष्ट्रपति करते हैं, लेकिन कॉलेजियम की सिफारिशों ने इस प्रक्रिया में निर्णायक भूमिका हासिल कर ली है। गवई ने सवाल उठाया कि मौजूदा व्यवस्था में कॉलेजियम को जवाबदेह नहीं बनाया गया है। इस व्यवस्था ने राष्ट्रपति को भी उनकी संवैधानिक जिम्मेदारी से मुक्त नहीं किया है। उन्होंने कहा कि नियुक्तियों की प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की जरूरत है।
मुख्य न्यायाधीशों के तबादलों पर भी जताई आपत्ति
पत्र में गवई ने हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों के तबादलों को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा कि एक मुख्य न्यायाधीश का पहले एक हाईकोर्ट से छोटे हाईकोर्ट में तबादला किया गया और फिर देश के सबसे छोटे हाईकोर्ट में भेजा गया। अब उन्हें एक प्रमुख हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की गई है। इसके विपरीत एक योग्य और मेहनती हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को छोटे हाईकोर्ट में भेज दिया गया, ताकि दूसरे जज के लिए जगह बनाई जा सके। गवई ने कहा कि इस तरह के फैसलों से न केवल संबंधित मुख्य न्यायाधीश का मनोबल प्रभावित होता है, बल्कि दूसरे मेहनती जजों पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ सकता है।
नियुक्तियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने को उठाएं आवश्यक कदम
उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों जजों के तबादलों से जुड़े कुछ फैसलों के समय वह खुद कॉलेजियम का हिस्सा थे और कुछ फैसलों के समय कॉलेजियम की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने सवाल किया कि पहले कई बार छोटे हाईकोर्ट में भेजे गए जज को अब अचानक बड़े और प्रमुख हाईकोर्ट में जिम्मेदारी देने के पीछे क्या आधार है। गवई ने राष्ट्रपति से आग्रह किया है कि न्यायपालिका में सामाजिक विविधता, समान प्रतिनिधित्व और नियुक्तियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।



















