UP 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अखिलेश ने जारी किया घोषणापत्र, युवाओं-किसानों समेत किए कई वादे

घोषणापत्र
घोषणापत्र जारी करते अखिलेश यादव, आजम खान व अन्य।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर गुरुवार को समाजवादी पार्टी ने अपना चुनावी घोषणापत्र ‘पीडीए का प्रणपत्र’ जारी कर दिया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सपा का घोषणापत्र जारी करते हुए युवाओं, किसानों, महिलाओं, कर्मचारियों, खिलाड़ियों और पत्रकारों के लिए कई बड़े ऐलान किए। सपा ने ग्रेजुएट बेरोजगारों को नौकरी मिलने तक हर महीने पांच हजार रुपये पोषण भत्ता देने, पुरानी पेंशन योजना (ओपीस) लागू करने और आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने समेत अन्य योजनाओं का भी वादा किया।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा, फार्म-6 की गड़बड़ी पर भ्रष्‍ट अफसर जाएंगे जेल, कोई भाजपाई नहीं आएगा बचाने

युवाओं और सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़े ऐलान
अखिलेश यादव ने ग्रेजुएट छात्र-छात्राओं को रोजगार मिलने तक हर महीने पांच हजार रुपये पोषण भत्ता देने का वादा किया है। साथ ही पुरानी पेंशन योजना लागू करने और आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने की बात कही गई है। सपा ने शहरी रोजगार गारंटी अधिनियम लाने और बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक स्कूलों को दोबारा शुरू करने का भी ऐलान किया है। वहीं लैपटॉप वितरण योजना फिर से शुरू करने और 12वीं पास युवाओं को लैपटॉप देने का वादा किया गया है।

शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन

शिक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को भी प्रण पत्र में प्रमुखता दी गई है। अखिलेश ने शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को शिक्षकों के बराबर वेतन देने के लिए काम करने का भरोसा दिलाया है। आशा, आंगनबाड़ी, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन और समायोजन का लाभ दिलाने की बात कही गई है। इसके साथ ही पुरानी पेंशन योजना लागू करने की दिशा में काम करने का वादा भी किया गया है।

बुनकरों को बिजली पर देगे सब्सिडी

सपा के घोषणापत्र में किसानों के लिए भी कई वादे किए गए हैं। पार्टी ने 23 फसलों और दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी देने तथा गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान करने का वादा किया है। बुनकरों को बिजली पर सब्सिडी देने की घोषणा भी की गई है। इसके अलावा बीपीएल कार्ड धारकों को दस लाख रुपये का हेल्थ इंश्योरेंस देने और बुजुर्ग महिला कारीगरों को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का वादा किया गया है।

पांच रुपये में मिलेगा भोजन

पूर्व सीएम ने पीडीए, महिलाओं और गरीबों के लिए प्रदेश के हर जिले में कैंटीन खोलने की घोषणा की है। इन कैंटीनों में पांच रुपये में भोजन की थाली उपलब्ध कराई जाएगी। सपा ने स्कूलों की फीस और अस्पतालों के खर्चों को सीमित करने का भी वादा किया है। शहीदों के परिजनों के लिए पेंशन व्यवस्था शुरू करने और उनके बच्चों को मुफ्त शिक्षा देने की बात भी घोषणापत्र में शामिल है।

अन्य विभागों में नौकरी का वादा

वहीं घोषणापत्र में अखिलेश यादव ने अग्निवीर योजना का विरोध करते हुए कहा कि जब तक ये योजना समाप्त नहीं होती, तब तक अग्निवीरों को यूपी पुलिस और अन्य सरकारी विभागों में नौकरी दी जाएगी। पुलिस विभाग में तैनात पति-पत्नी को एक ही जिले में पोस्टिंग देने और पुलिसकर्मियों को पड़ोसी जिलों में तैनाती का विकल्प देने का भी वादा किया गया है।

फील्ड में काम करने वाले पत्रकारों को हेल्थ इंश्योरेंस

इस दौरान घोषणापत्र खेलों को बढ़ावा देने के लिए अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में तीन विश्वस्तरीय स्टेडियम और दस स्पोर्ट्स कॉलेज बनाने का वादा किया। साथ ही युवा वकीलों को आर्थिक सहायता देने और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की घोषणा भी की गई है। वहीं फील्ड में काम करने वाले पत्रकारों को हेल्थ इंश्योरेंस देने, लखनऊ और नोएडा में मीडिया कन्वेंशन सेंटर बनाने तथा यूट्यूबर्स व सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के लिए अलग नीति लाने का वादा किया। सपा सुप्रीमो ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी महिलाओं के लिए अलग से घोषणापत्र जारी करेगी।

यह भी पढ़ें- नेताओं को सपा में शामिल कर बोले अखिलेश, भाजपा छोड़ हमारे साथ आए लोग, अब कमल और जाएगा मुरझा