आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर अपने नेताओं की बयानबाजी को लेकर कांग्रेस हाईकमान ने सख्त रुख अपनाया है। कांग्रेस ने निर्देश जारी कर कहा कि कोई भी नेता सीट बंटवारे पर कोई टिप्पणी न करें। साथ ही कांग्रेस सांसद राजेंद्र पाल गौतम ने भी समाजवादी पार्टी को कुछ सलाह दी है।
बुधवार को कांग्रेस सांसद राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, “समाजवादी पार्टी को अपने उम्मीदवारों की घोषणा करने में इतनी जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए थी। जब सपा ने अपनी सूची जारी की, तब भी बातचीत चल रही थी। हमें सम्मान जनक संख्या में सीटें चाहिए, तीन अंकों से कम की संख्या हमें मंजूर नहीं है।” वहीं इमरान मसूद की नाराजगी पर राजेंद्र गौतम ने कहा कि उनकी चिंताएं जायज हैं। आखिरकार वे सहारनपुर के सांसद हैं। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि सिर्फ इमरान मसूद ही नहीं, बल्कि सभी को मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- कांग्रेस ने पांच राज्यों में किया वॉर रूम चेयरमैन का ऐलान, यूपी में विधायक सचिन यादव को मिली कमान
गौरतलब है कि कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सहारनपुर जिले की बेहट और सहारनपुर देहात विधानसभा सीटों के लिए समाजवादी पार्टी द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा पर कड़ी आपत्ति जताई है। इससे पहले बैठकों के दौरान उन्होंने कांग्रेस की ओर से इन दो सीटों पर अपना दावा पेश किया था। इन सीटों पर सपा द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा किए जाने के बाद, मसूद ने कहा कि वे समाजवादी पार्टी से “भीख नहीं मांग रहे हैं।”
हम भिखारी नहीं…
वहीं अखिलेश यादव द्वारा कांग्रेस को 26 सीटें दिए जाने की खबरों पर इमरान मसूद ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कांग्रेस ने सपा से सीटों की ऐसी कोई मांग नहीं की थी, फिर भी एकतरफा घोषणा कर दी गई। मसूद ने कहा कि “हम भिखारी नहीं हैं। ऐसा लगता है कि अखिलेश यादव कांग्रेस को भिखारियों की तरह देखते हैं। अगर ऐसा ‘तानाशाही’ रवैया अपनाया जाता है, तो मुझ जैसे स्वाभिमानी व्यक्ति के लिए यह बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं होगा।”
सपा की ओर से 26 सीटें देने की बात
बता दें कि दोनों दलों के बीच हुई एक बैठक में कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को 130 सीटों की एक सूची सौंपी, जबकि सपा की ओर से 26 सीटें देने की बात चल रही थी। हालांकि दोनों दलों के बीच बातचीत अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है, लेकिन सपा ने बातचीत जारी रहने के दौरान ही पांच सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा करके कांग्रेस को चौंका दिया।




















