विकासनगर झुग्गी अग्निकांड के पीड़ितों से मिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल, अराधना मिश्रा ने संवेदना व्यक्त कर योगी सरकार से की मांग

झुग्गी अग्निकांड
लखनऊ अग्निकांड के पीड़ित परिवार से बात करतीं अराधना मिश्रा साथ में अन्य।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। विकासनग इलाके में झुग्गी-झोपड़ियों में लगी भीषण आग ने सैकड़ों लोगों का आशियाना झीन लिया है। इसी बीच कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने घटनास्थल का दौरा कर पीड़ितों का दुख साझा किया। साथ ही अपनी ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की, जबकि हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों के परिजनों से मिलकर उन्होंने अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और सरकार से भारी मुआवजे की मांग की।

आराधना मिश्रा ने मौके पर मौजूद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सरकारी तंत्र की सुस्ती पर भी तीखे सवाल खड़े किए। साथ ही कहा “हैरानी की बात है कि घटनास्थल हाईवे के एकदम किनारे है, फिर भी दमकल विभाग को यहां पहुंचने में तीन घंटे क्यों लग गए? क्या प्रशासन की यही सक्रियता है?” कांग्रेस नेता ने नाराजगी जताते हुए कहा कि घटना के एक दिन बीत जाने के बाद भी न तो कोई बड़ा अधिकारी मौके पर है और न ही पीड़ितों के लिए भोजन या टेंट की व्यवस्था की गई है। यहां तक कि जले हुए मवेशी भी अभी तक वहीं पड़े हैं।

इस दौरान संवेदना दिखाते हुए आराधना मिश्रा ने अपनी ओर से एक लाख रुपये की लोगों को आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही घोषणा की कि कांग्रेस की ओर से कल ही सभी पीड़ित परिवारों के लिए आवश्यक राहत सामग्री (राशन, कपड़े आदि) भेजी जाएगी।

यह भी पढ़ें- विकासनगर में लगी भीषण आग, सैकड़ों झोपड़ियां जलकर राख, सिलेंडर के धमाकों से गूंजा इलाका

वहीं पीड़ितों से मुलाकात के दौरान अराधना मिश्रा के साथ मीडिया विभाग के चेयरमैन सी.पी. राय, विधि विभाग के चेयरमैन अतुल आसिफ जमा रिजवी (रिंकू), मनीष श्रीवास्तव हिंदवी, वरिष्ठ नेता ओंकारनाथ सिंह, जिलाध्यक्ष रूद्र दमन सिंह (बब्लू), शहर अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी, पार्षद मुकेश सिंह चौहान और पूर्व पार्षद शैलेन्द्र तिवारी बब्लू आदि कांग्रेस के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- मेट्रो स्‍टेशन के पास बिल्डिंग में लगी भीषण आग, तीन बच्चों समेत परिवार के सात सदस्यों की दर्दनाक मौत