कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, प्रियंका गांधी की जगह अविनाश पांडे को मिली यूपी की कमान, कई अन्‍य पदों पर भी उलटफेर

अविनाश पांडे

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। आगामी लोकसभा चुनाव 2024 से पहले कांग्रेस ने संगठन में शनिवार को बड़ा बदलाव किया। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी को यूपी कांग्रेस प्रभारी पद से मुक्त कर दिया गया है। इस पद की जिम्मेदारी अविनाश पांडे को दी गई है। वहीं, कांग्रेस में सचिन पायलट का कद बढ़ गया है। सचिन पायलट को महसचिव नियुक्त करने के साथ ही छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया गया है।

इसके अलावा कांग्रेस ने रमेश चेन्निथला को महाराष्ट्र और मुकुल वासनिक को गुजरात का प्रभारी नियुक्त किया गया। जबकि, दीपा दासमुंशी को केरल, लक्षद्वीप का महासचिव और तेलंगाना कांग्रेस का अतिरिक्त प्रभारी नियुक्त किया गया। जबकि जीए मीर को झारखंड का महासचिव और पश्चिम बंगाल का अतिरिक्त प्रभारी नियुक्त किया गया।

इसके अलावा वेणुगोपाल संगठन महासचिव बने रहेंगे। महासचिव जयराम रमेश भी पार्टी की संचार विभाग के प्रभारी की जिम्मेदारी निभाते रहेंगे। अजय माकन पार्टी कोषाध्यक्ष की भूमिका निभाते रहेंगे। उनके साथ दो नेताओं मिलिंद देवरा और विजय इंदर सिंघला को संयुक्त कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने शुरू की यूपी जोड़ो यात्रा

रणदीप सिंह सुरजेवाला से मध्य प्रदेश का प्रभार वापस लिया गया है और अब वह सिर्फ कर्नाटक के प्रभारी बने रहेंगे। उनके स्थान पर जितेंद्र सिंह को मध्य प्रदेश के प्रभारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंप गई है। जितेंद्र सिंह पहले से ही असम के प्रभारी की भूमिका निभा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- ‘परिवर्तन संकल्‍प यात्रा’ की सफलता के लिए कांग्रेस ने किया मंथन, मोदी-योगी सरकार की कमियां बताने जनता के बीच जाएंगे नेता