बेटे की फोटो प्रदर्शनी से हटने पर प्रियंका ने कहा, ‘अभिव्यक्ति से डरा सत्ताधारी पहले ही खो चुका होता है ताकत’

प्रियंका गांधी
प्रदर्शनी हाॅल में बैठे रेहान।

आरयू वेब टीम। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने बेटे और फोटोग्राफर रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी से हाल के विरोध प्रदर्शनों की तस्वीरें हटाए जाने के मामले में गुरुवार को मोदी सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका ने कहा कि जब सत्ता में बैठा कोई व्यक्ति किसी और की अभिव्यक्ति से डरने लगता है तो उसे इसका एहसास नहीं होता, लेकिन वह उस ताकत को पहले ही खो चुका होता है, जिसे वह बचाने की कोशिश कर रहा होता है।

प्रियंका गांधी की ये प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है जब रेहान ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के बीकानेर हाउस में उनकी एकल प्रदर्शनी शुरू होने से कुछ घंटे पहले हाल के विरोध प्रदर्शनों की उनकी कई तस्वीरें हटा दी गईं। कांग्रेस नेता ने ‘एक्स’ पर अपने बेटे के नाम लिखे संदेश में कहा, ‘‘जब सत्ता में बैठा कोई व्यक्ति किसी और की अभिव्यक्ति से डरने लगता है तो उसे इसका एहसास नहीं होता, लेकिन वह उस ताकत को पहले ही खो चुका होता है, जिसे वह बचाने की कोशिश कर रहा होता है।’’ साथ ही कहा कि ‘‘आप सही के लिए खड़े रहो और हर खूबसूरत चीज खुद आपके पास आएगी। मुझे आप पर गर्व है और हमेशा रहेगा।’’

रेहान ने क्या कहा था?

रेहान ने बुधवार को कहा था कि प्रदर्शनी के प्रिव्यू से कुछ घंटे पहले उन्हें बताया गया कि यदि तस्वीरें शाम पांच बजे तक नहीं हटाई गईं तो प्रदर्शनी रद्द कर दी जाएगी। उनके मुताबिक, प्रदर्शनी के लिए उन्होंने विस्तृत प्रस्ताव और प्रारूप पहले ही बीकानेर हाउस प्रबंधन के साथ साझा कर दिया था। प्रदर्शनी में शुरुआत में वन्यजीवन, अमूर्त कला और भारत में हाल में हुए युवाओं के विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी तस्वीरों सहित सौ से अधिक तस्वीरें थीं तथा इनमें से 70 से अधिक तस्वीर हटा दी गईं और करीब 40 तस्वीर ही प्रदर्शित की गईं।

यह भी पढ़ें- संसद में विपक्ष ने सरकार को घेरा, प्रियंका ने पूछा क्या छात्र आतंकवादी थे AK-47 चलने की पड़ी जरूरत 

वहीं रेहान ने कहा था कि हटाई गई तस्वीरों में कोई राजनीतिक संदेश नहीं था और वे पिछले छह महीनों में हुए विरोध प्रदर्शनों को तस्वीरों के जरिए दर्ज करने का प्रयास थीं। रेहान के अनुसार, बीकानेर हाउस प्रशासन ने तस्वीरें हटाने के पीछे मौजूदा ‘‘राजनीतिक माहौल’’ का हवाला देते हुए कहा था कि इन तस्वीरों को प्रदर्शित करने का यह सही समय नहीं है।

आम लोगों के लिए खुल गई है प्रदर्शनी

प्रदर्शनी ‘नो आइडिया इज फाइनल’ का पूर्वावलोकन बुधवार को हुआ था और यह आज से आम लोगों के लिए खुलने वाली है। तस्वीरें हटाए जाने के बावजूद प्रदर्शनी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जा रही है। बीकानेर हाउस के एक अधिकारी ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए बुधवार को कहा था कि वह इस बारे में बोलने के लिए अधिकृत नहीं हैं।

यह भी पढ़ें- विपक्ष के सांसदों ने किया संसद में प्रदर्शन, प्रियंका गांधी ने अमित शाह से मांगा चढ़ावा चोरी व लाठीचार्ज पर जवाब