त्योहारी सीजन में रेलवे ने बढ़ाए ट्रेनों के 6200 अतिरिक्त फेरे

ट्रेन
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। दिवाली और छठ का त्योहार नजदीक है। ऐसे में घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने खास तैयारी की है। त्योहारों के दौरान यात्रियों को राहत देने के लिए अतिरिक्त ट्रेनों के फेरे लगाए जाएंगे। रेलवे के मुताबिक त्योहारों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को संभालने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- लखनऊ-गोरखपुर रूट की कई ट्रेनें बदले मार्ग से चलेंगी, जानें पूरी लिस्‍ट

उत्तर रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय के मुताबिक त्योहारों के दौरान रेलवे की ओर से करीब ट्रेनों के 6,200 अतिरिक्त फेरे लगाए जाने की तैयारी है। इनमें करीब 3,600 स्पेशल ट्रेनों के ट्रिप चलाए जाएंगे। ये ट्रेनें एक अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच संचालित की जाएंगी। रेलवे ने ईस्टर्न सेक्टर में 42 ट्रेनों को नियमित भी किया है। इससे संबंधित रूटों पर यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है।

रेलवे वॉर रूम से लाइव मॉनिटरिंग

त्योहारों के दौरान ट्रेनों की आवाजाही सुचारु बनाए रखने के लिए रेलवे वॉर रूम से लाइव मॉनिटरिंग कर रहा है। इसके जरिए ट्रेनों के परिचालन पर नजर रखी जाएगी, ताकि देरी और परिचालन से जुड़ी समस्याओं पर समय रहते कार्रवाई की जा सके। भीड़ के कारण स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में रेलवे का जोर ट्रेनों के संचालन के साथ-साथ प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में व्यवस्था बनाए रखने पर भी है।

बनाया गया अतिरिक्त होल्डिंग एरिया

वहीं नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अजमेरी गेट की तरफ अतिरिक्त होल्डिंग एरिया बनाया गया है। इसका मकसद यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर एक साथ पहुंचने से रोकना और भीड़ को व्यवस्थित तरीके से संभालना है। वहीं आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर भी स्थायी होल्डिंग एरिया बनाया जा रहा है। त्योहारों के दौरान इन व्यवस्थाओं से स्टेशन परिसर में भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।

RPF के अतिरिक्त जवान तैनात

त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षाबल के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। इनमें महिला और पुरुष, दोनों जवान शामिल हैं। इसके अलावा भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए राजकीय रेलवे पुलिस तथा राज्य पुलिस के साथ समन्वय किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में कड़े प्रतिबंधों पर सुप्रीम कोर्ट ने जारी किया केंद्र-DMRC, रेलवे व पुलिस को कारण बताओ नोटिस