आरयू ब्यूरो, लखनऊ। त्योहारी सीजन पर ट्रेनों में बढ़ती वेटिंग के बीच रेलवे यात्रियों को बड़ी राहत देने की तैयारी कर रहा है। त्योहार के दौरान लखनऊ से दिल्ली, मुंबई और हावड़ा रूट की ट्रेनों में तत्काल कोटे की सीटों की संख्या दोगुनी से अधिक की जा सकती है।
इसके लिए रेलवे अधिकारियों ने रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजकर अनुमति मांगी है। दरअसल दीपावली और छठ पर लखनऊ आने वाली ट्रेनों के साथ ही त्योहार के बाद वापसी की ट्रेनों में भी सीटों के लिए मारामारी शुरू हो गई है। दिल्ली रूट की लखनऊ मेल, एसी एक्सप्रेस, गोमती, अयोध्या-दिल्ली, काशी विश्वनाथ, गोरखधाम और वैशाली समेत कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है।
वहीं मुंबई जाने वाली पुष्पक, अवध, कुशीनगर और गोरखपुर-एलटीटी तथा हावड़ा रूट की अमरनाथ और बाघ एक्सप्रेस में भी कंफर्म सीट मिलना मुश्किल हो रहा है। वहीं लखनऊ से दिल्ली, मुंबई और हावड़ा रूट की ट्रेनों में फिलहाल तत्काल कोटे में करीब 6500 सीटें हैं। इनमें लगभग 4200 स्लीपर और 2300 एसी श्रेणी की सीटें शामिल हैं।
हालांकि कोटे की संख्या ट्रेनों के अनुसार बदलती रहती है। प्रस्ताव मंजूर होने पर त्योहार के दौरान इसमें बड़ा इजाफा किया जाएगा। मंजूरी मिलने पर तत्काल कोटे की सीटें मौजूदा करीब 6500 से बढ़कर 12 हजार से अधिक हो जाएंगी। यह व्यवस्था अस्थायी होगी और त्योहार समाप्त होने के बाद तत्काल कोटे की सीटें फिर पहले की तरह कर दी जाएंगी।
यह भी पढ़ें- लखनऊ से मुंबई तक 21 कोच के साथ चलेगी स्पेशल ट्रेन, जानें शेड्यूल
वहीं तत्काल कोटे में दलालों की सेंधमारी रोकने के लिए आरपीएफ को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। आरक्षण केंद्रों पर जवान सादी वर्दी में तैनात रहेंगे। वहीं आरपीएफ सीआइबी प्रतिबंधित सॉफ्टवेयर के जरिये तत्काल टिकट हासिल करने वाले दलालों के खिलाफ छापेमारी और कार्रवाई करेगी।



















