एशियन गेम्स फाइनल में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को हराकर जीता गोल्ड

टीम इंडिया

आरयू वेब टीम। एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में छह विकेट पर 211 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 192 रन ही बना सकी। भारत की जीत में अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा की तूफानी अर्धशतकीय पारियों के बाद गेंदबाजों ने भी अहम भूमिका निभाई।

भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 211 रन बनाए थे। अभिषेक शर्मा ने 68 रन और तिलक वर्मा ने भी तूफानी अंदाज में 51 रन की पारी खेली थी। पाकिस्तान के लिए हसन नवाज आखिरी ओवर तक लड़ाई लड़ते रहे, लेकिन उनकी 96 रन की पारी पाकिस्तान के काम नहीं आ सकी।

भारत ने जीता 19वां गोल्ड

इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर गोल्ड जीता था। अब मेंस टीम ने भी पाकिस्तान को 19 रन से हराकर स्वर्णिम प्रदर्शन किया है। क्रिकेट के दोनों गोल्ड मेडल एक बार फिर भारत की झोली में आए हैं। ये एशियन गेम्स में भारत का 19वां गोल्ड और कुल 81वां पदक है।

यह भी पढ़ें- एशियन गेम्स में सावन बरवाल ने पुरुष मैराथन में 44 साल बाद देश को दिलाया पदक

दरअसल 212 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय पाकिस्तान के तीन विकेट केवल 39 के स्कोर पर गिर गए थे। उसके बाद हसन नवाज और सैम अयूब ने मिलकर 87 रनों की साझेदारी कर टीम इंडिया और उसके फैंस की धड़कनें बढ़ा दी थीं। अयूब और हसन के क्रीज पर रहते भारत हार की ओर जाता दिख रहा था। शिवम दुबे ने 15वें ओवर में सैम अयूब को आउट कर टीम इंडिया को वापसी का मौका दिया। वहीं से पाकिस्तान टीम का डाउनफॉल शुरू हो गया, हालांकि हसन नवाज आखिरी ओवर तक टिके रहे, जिन्होंने 96 रन की पारी खेली।

यह भी पढ़ें- एशियन गेम्स में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जीता स्वर्ण पदक, फाइनल में श्रीलंका को 147 रन से हराया