एशियन गेम्स में सावन बरवाल ने पुरुष मैराथन में 44 साल बाद देश को दिलाया पदक

सावन बरवाल
सावन बरवाल ने जीता पदक।

आरयू स्पोर्ट्स डेस्क। जापान के आइची-नागोया में खेले जा रहे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन जारी है। इस बीच भारत के सावन बरवाल ने पुरुष मैराथन में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। बरवाल के इस पदक के साथ एशियन गेम्स की मैराथन स्पर्धा में भारत का 44 साल का इंतजार खत्म हो गया। भारतीय नेशनल रिकॉर्ड होल्डर बरवाल ने 42.195 किलोमीटर की कड़ी रेस में दूसरा स्थान हासिल किया।

बरवाल का ये सिल्वर मेडल 1982 के एशियन गेम्स के बाद मैराथन में भारत का पहला पदक है। साथ ही विदेशी धरती पर किसी भारतीय पुरुष द्वारा एशियन गेम्स मैराथन में जीता गया यह पहला पदक भी है। मैराथन रेस भारतीय समयानुसार भोर में चार बजे शुरू हुई। इसमें सावन बरवाल और कार्तिक करकेरा समेत कुल 19 धावकों ने हिस्सा लिया। बरवाल ने शुरुआत से ही अग्रणी ग्रुप में अपनी जगह बनाए रखी। रेस आगे बढ़ने के साथ उन्होंने शीर्ष स्थानों पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।

रेस के आधे पड़ाव तक बरवाल दूसरे स्थान पर पहुंच चुके थे। इसके बाद भी उन्होंने अपनी रफ्तार और स्थिति बनाए रखी। 35 किलोमीटर के निशान पर उनकी रिपोर्टेड टाइमिंग 1:49:29 थी और वह दूसरे स्थान पर कायम थे। फिनिश लाइन से करीब सात किलोमीटर पहले बरवाल जापान के इचिताका यामाशिता का पीछा कर रहे थे। जापानी धावक ने इस दौरान अच्छी बढ़त बना ली, लेकिन बरवाल ने अपनी स्थिति नहीं गंवाई और आखिर तक दूसरे स्थान पर रहते हुए सिल्वर मेडल पक्का किया।

यह भी पढ़ें- एशियन गेम्स में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जीता स्वर्ण पदक, फाइनल में श्रीलंका को 147 रन से हराया
सावन बरवाल का सिल्वर एशियन गेम्स की मैराथन स्पर्धा में भारत का चौथा पदक है। इससे पहले 1951 के एशियन गेम्स में छोटा सिंह ने गोल्ड और सूरत सिंह माथुर ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इसके बाद 1982 के एशियन गेम्स में होसुर कुक्कप्पा सीतारण ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था। इस तरह बरवाल का सिल्वर मेडल 44 साल के लंबे अंतराल के बाद एशियन गेम्स की मैराथन में भारत को मिला पदक है। वहीं, दूसरे भारतीय धावक कार्तिक करकेरा ने 2:22:41 के समय के साथ रेस पूरी की और 17वें स्थान पर रहे।

यह भी पढ़ें- एशियन गेम्स में भारत का पहला पदक, महिला दस मीटर एयर राइफल टीम ने जीता रजत