आरयू वेब टीम। जापान में चल रहे आइची-नगोया एशियन गेम्स 2026 में भारत ने शानदार शुरुआत की है। रविवार को भारतीय महिला शूटिंग टीम ने दस मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश का पहला पदक हासिल किया। एलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदर्सा विनोद की तिकड़ी ने कुल 1898.0 अंक हासिल किए और दूसरे स्थान पर रही। चीन ने 1904.2 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि जापान 1897.1 अंक के साथ कांस्य पदक पर रहा।
महिला दस मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भारतीय निशानेबाजों ने शुरुआत से ही मजबूत प्रदर्शन किया। एलावेनिल वलारिवन ने 633.5 अंक के साथ व्यक्तिगत फाइनल में भी जगह बनाई, जबकि सोनम मस्कर ने भी व्यक्तिगत फाइनल के लिए क्वालीफाई किया है। टीम का रजत पदक एशियन गेम्स में भारत के लिए अच्छी शुरुआत माना जा रहा है।
महिला हॉकी टीम ने भी अपने अभियान की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की। भारत ने पूल मैच में उज्बेकिस्तान को 19-0 से मात दी। इस मुकाबले में दीपिका ने अकेले आठ गोल दागे, जबकि ईशिका ने हैट्रिक पूरी की। भारतीय टीम ने मैच के शुरुआती मिनटों से ही दबाव बनाए रखा और लगातार गोल करते हुए बड़ी जीत दर्ज की। दीपिका का आठ गोल करना मुकाबले की सबसे बड़ी उपलब्धियों में रहा। भारत की ओर से कई खिलाड़ियों ने गोल किए, जिससे टीम के आक्रामक खेल का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस जीत से भारतीय महिला हॉकी टीम ने टूर्नामेंट में अपने अभियान की मजबूत शुरुआत की है।
यह भी पढ़ें- दिग्गज निशानेबाज जसपाल राणा का 49 साल की उम्र में निधन
मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में भारत की सुचिका तरियाल ने भी इतिहास रच दिया। महिलाओं की ट्रडिशनल एमएमए 60 किलोग्राम क्वार्टर फाइनल में उन्होंने मंगोलिया की अल्तानचिमेग बैगलमा को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ उनका कम से कम कांस्य पदक पक्का हो गया है। यह एशियन गेम्स में एमएमए में भारत का पहला पदक होगा।
वहीं तैराकी में ऋषभ दास ने पुरुषों की सौ मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई। वहीं, भारत के अन्य तैराक भी अपनी-अपनी स्पर्धाओं में चुनौती पेश कर रहे हैं। एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग, हॉकी और एमएमए के साथ भारत की नजरें अब अन्य खेलों में भी पदकों पर हैं।

















