राहुल गांधी के आंदोलन को धार देने में जुटी कांग्रेस, अराधना मिश्रा ने कहा, “वोट बचाओ, देश बचाओ” महारैली में यूपी रचेगा इतिहास

आराधना मिश्रा मोना

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आंदोलन को धार देने के लिए यूपी कांग्रेस भी पूरी ताकत से जुट गयी है। लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के संकल्प के साथ अगामी एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली कांग्रेस की “वोट बचाओ, देश बचाओ” महारैली को सफल बनाने के लिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस अपनी पूरी संगठनात्मक ताकत से लगा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस ने रैली में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की है। आराधना मिश्रा ने कहा है कि महारैली में यूपी इतिहास रचेगा। जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को सक्रिय करते हुए कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। कांग्रेस का टारगेटहै कि यूपी की भागीदारी इस महारैली को ऐतिहासिक बनाए और लोकतंत्र की रक्षा का संदेश देश के कोने-कोने तक पहुंचे।

यूपी कांग्रेस का पूरा संगठन सक्रिय

आज मीडिया को आराधना मिश्रा ने बताया कि रैली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा। प्रदेश के सभी छह जोन (पश्चिम, बृज, अवध, बुंदेलखंड, प्रयाग और पूर्वांचल) में संगठनात्मक बैठक हो चुकी हैं। सभी 75 जिलों में जिला अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं के साथ समन्वय स्थापित कर दिल्ली पहुंचने की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। पार्टी के सभी फ्रंटल संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों को भी सक्रिय जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि प्रत्येक स्तर पर बेहतर तालमेल और प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी

यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने दिल्ली रैली को लेकर नेतृत्व संभाला है। यूपी कांग्रेस कमेटी की ओर से सभी जिलों में वरिष्ठ नेताओं को समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये नेता जिला स्तर पर तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क में हैं।

इसके साथ ही राजेंद्र पाल द्वारा सिविल सोसाइटी, सामाजिक संगठनों तथा प्रबुद्ध जनों से भी संवाद स्थापित कर उन्हें लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के इस अभियान से जुड़ने और दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया गया है।

पश्चिमी यूपी से भी रामलीला मैदान में जुटेंगे कांग्रसी

दूसरी ओर यूपी कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष व लोकसभा सांसद इमरान मसूद ने पश्चिमी यूपी में दिल्ली रैली के लिए मोर्चा संभाला है। इमरान मसूद के अनुसार वह अभी तक 30 से अधिक संगठनात्मक बैठक कर चुके हैं।

इमरान मसूद ने पश्चिमी यूपी के जनपदों के विभिन्न क्षेत्रों में दौरा कर कांग्रेसजनों के साथ ही आम लोगों से मिलकर संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करने के लिए एवं लोकतंत्र में सबसे बड़ी ताकत वोट के अधिकार की रक्षा के लिए दिल्ली पहुंचने की अपील की है। उन्होने कहा कि केन्द्र में बैठी सरकार आम जनता के संवैधानिक अधिकार मताधिकार को छीनने का प्रयास कर रही, जिसे किसी कीमत पर छीनने नहीं देंगे।

वही पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए दिल्ली रैली में ज्यादा से ज्यादा संख्या लाने की जिम्मेदारी कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद जोनवार और जिलावार बैठक कर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

दूसरी ओर दिल्ली के वार रूम से कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रभारी संगठन  के.सी. वेणुगोपाल यूपी समेत हर राज्य में रैली की तैयारियों की कमान संभाल रहे हैं। दिल्ली वार रूम से यूपी मुख्यालय स्थित कनेक्ट सेंटर (कांग्रेस वार रूम) के माध्यम से पार्टी के सभी फ्रंटल संगठनों, विभागों, सभी छह जोनों और प्रदेश के सभी 75 जिलों की तैयारियों की लगातार समीक्षा व मॉनिटरिंग की जा रही है।

वोट की ताकत ही लोकतंत्र की ताकत

तैयारियों के बीच आज यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने मीडिया से कहा है कि “वोट बचाओ, देश बचाओ” केवल एक रैली का नारा नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र, संविधान और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा का संकल्प है। वोट जनता की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक ताकत है। इस ताकत की रक्षा करना हर जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है। कांग्रेस इसी संकल्प के साथ जनता की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

यह भी पढ़ें- चलो दिल्ली किसी एक पार्टी का नहीं, हिंदुस्तान की आत्मा का मार्च, राहुल की जनता से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील