“चलो दिल्ली” किसी एक पार्टी का नहीं, हिंदुस्तान की आत्मा का मार्च, राहुल की जनता से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील

राहुल गांधी

आरयू वेब टीम। लोकसभा में विपक्षी नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने देश की जनता से एक नवंबर को केंद्र सरकार के खिलाफ आयोजित होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ‘चलो दिल्ली’ रामलीला मार्च, लोकतंत्र को बचाने का, वोट चोरी को रोकने का, संविधान को बचाने का मार्च है। यह किसी एक राजनीतिक पार्टी का मार्च नहीं।यह भारत की आत्मा का मार्च है।

राहुल गांधी ने गुरुवार को ‘एक्स’ पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा कि ये मार्च लोकतंत्र और संविधान की रक्षा तथा कथित ‘‘वोट चोरी’’ को रोकने के लिए है। उन्होंने कहा, ‘‘यह किसी एक राजनीतिक पार्टी का मार्च नहीं है। यह हिंदुस्तान की आत्मा का मार्च है।’’ कांग्रेस सांसद ने दावा किया कि लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से ‘‘तंग’’ आ चुके हैं और लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा की इच्छा रखने वालों को इस मार्च में शामिल होना चाहिए। राहुल ने कहा, ‘‘एक ही विरोध प्रदर्शन है और वह देश का विरोध प्रदर्शन है।’’

यह भी पढ़ें- ज्ञानेश कुमार को कुर्सी से हटाने के लिए सुप्रीम कोर्ट तक मार्च में उमड़ा जनसैलाब, प्रियंका गांधी-नेहा बोरा की ढाल भी बनें राहुल गांधी

वहीं कांग्रेस नेता ने लोगों का आह्वान किया कि वे पुलिस कार्रवाई या लाठीचार्ज की आशंका से घबराए नहीं। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी मार्च को रोकने के लिए किसी तरह की कार्रवाई करने का ‘‘साहस नहीं जुटा पायेगी।’’ उन्होंने लोगों से साथ मिलकर संविधान और देश की रक्षा के लिए मार्च करने की अपील करते हुए कहा कि ‘‘घबराने की जरूरत नहीं है।’’

…स्वतंत्रता पर हो रहा हमला

राहुल गांधी ने सभी छात्र संगठनों से भी उनकी राजनीतिक संबद्धता से इतर इस मार्च में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिन विद्यार्थियों को लगता है कि देश, उनकी अभिव्यक्ति, उनके विचार या उनकी सोचने की स्वतंत्रता पर हमला हो रहा है, उन्हें इस मार्च में शामिल होना चाहिए। साथ ही कहा कि यह ‘‘शानदार मार्च’’ होगा और ‘‘देश की आत्मा’’ के लिए निकाला जा रहा मार्च है। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में इसमें शामिल होने की अपील की।

मॉक पार्लियामेंट’ की तैयारी

कांग्रेस पार्टी एक नवंबर को राजधानी के रामलीला मैदान में ‘वोट चोरी’ के खिलाफ एक बड़ी रैली करने वाली है। इस रैली में ‘इंडिया’ गठबंधन की सभी पार्टियों के साथ सीजेपी और दूसरे संस्थानों ने भी हिस्सा लेने का ऐलान किया है। इससे पहले गुरुवार को, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों के साथ बैठक की। ये सांसद शुक्रवार को होने वाली ‘मॉक पार्लियामेंट’ (प्रतीकात्मक संसद) की तैयारी कर रहे हैं, जिसमें वे मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतीकात्मक रूप से ‘महाभियोग’ चलाने की योजना बना रहे हैं।

यह भी पढ़ें- जनसभा में बोले राहुल, मतदाताओं के वोट की चोरी करते हैं ज्ञानेश कुमार, मोदी-अमित व RSS पर भी साधा निशाना