दिल्ली के अस्पताल में भर्ती हुई कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी

सोनिया गांधी भर्ती
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को बुधवार दिन में गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि रूटीन चेकअप के लिए उन्हें अस्पताल लाया गया है। इस दौरान उनकी बेटी प्रियंका गांधी भी उनके साथ मौजूद रहीं।

वहीं इस संबंध में गंगा राम हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने मीडिया को बताया कि यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी को आज हमारे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वायरल रेस्पिरेटरी इन्फेक्शन की निगरानी और इलाज के लिए उन्हें चेस्ट मेडिसिन विभाग में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक सर्दी के मौसम में उनको थोड़ी तकलीफ महसूस हो रही है। सांस संबंधी संक्रमण से जूझ रही हैं। डॉक्टरों के सलाह पर उन्हें अस्पताल लाया गया। सोन‍िया गांधी का सर गंगाराम अस्‍पताल में पहले से इलाज भी चल रहा है। उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहें राहुल गांधी भी आज शाम मां सोनिया गांधी से मिलने सर गंगाराम अस्‍पताल पहुंचे।

यह भी पढ़ें- सोनिया गांधी की कोरोना से बिगड़ी तबियत, गंगा राम अस्पताल में भर्ती

रिपोर्ट्स के मुताबिक सोनिया गांधी मंगलवार से अस्वस्थ हैं, यही वजह है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा मंगलवार शाम उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने वाली भारत जोड़ो यात्रा में सात किलोमीटर पैदल चलकर दिल्ली लौट आए थे।

उत्तर प्रदेश के बागपत के मवीकलां में रात को रुकने के बाद कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार सुबह छह बजे फिर शुरू हुई। हालांकि, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सुबह यात्रा में राहुल गांधी के साथ शामिल नहीं हुईं।

यह भी पढ़ें- सोनिया गांधी फिर हुईं कोरोना पॉजिटिव, सरकारी प्रोटोकॉल के हिसाब से होंगी क्वारेंटाइन