सोनिया गांधी फिर हुईं कोरोना पॉजिटिव, सरकारी प्रोटोकॉल के हिसाब से होंगी क्वारेंटाइन

सोनिया गांधी
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। हाल ही में प्रियंका गांधी ने खुद के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी, जिसके बाद शनिवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी एक बार फिर कोरोना संक्रमित पाई गई हैं। उन्हें प्रोटोकॉल के हिसाब से क्वारेंटाइन रखा जाएगा। ये जानकारी कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने दी।

जयराम रमेश ने ट्वीट कर बताया कि, ”आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की कोविड-19 टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह सरकार द्वारा जारी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए आइसोलेशन में रहेंगी।” सोनिया गांधी दो महीने में दूसरी बार कोरोना संक्रमित हुई हैं। इससे पहले दो जून को वह कोविड पॉजिटिव पाई गई थीं और दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती रही थीं।

कोरोना संक्रमित पाए जाने से पहले सोनिया गांधी ने बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से मुलाकात की थी। वह एक दिन पहले ही बिहार सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार से पहले उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव से मिली थीं। उन्होंने सीपीआईएम नेता सीताराम येचुरी से भी मुलाकात की थी।

यह भी पढ़ें- फिर कोरोना पॉजिटिव हुईं प्रियंका गांधी, खुद को किया आइसोलेट

बता दें कि तीन दिन पहले ही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई थीं। उन्होंने अपने आधिकारिक हैंडल से ट्वीट कर जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि वह फिर कोरोना से संक्रमित हो गई हैं और घर में प्रोटोकॉल का पालन करते हुए खुद को पृथक रख रही हैं। इससे पहले तीन जून को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।

यह भी पढ़ें- सोनिया गांधी की कोरोना से बिगड़ी तबियत, गंगा राम अस्पताल में भर्ती