खेत में एकाएक पहुंचे राहुल ने जाना महिला किसानों का दर्द, बोया धान, देखें Video

राहुल गांधी
किसानों के साथ धान रोपते राहुल गांधी।

आरयू वेब टीम। हरियाणा के सोनीपत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का रविवार को एक बार फिर अलग रूप देखने को मिला। जिसमें वह किसानों के साथ धान रोपते और महिलाओं का दर्द साझा करते नजर आए हैं। महिलाओं से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने उनकी अपनी बहन प्रियंका गांधी से भी बात कराई।

इस दौरान उन्होंने महिलाओं से पूछा क्या आप में कोई ट्रैक्टर चलाता। इस पर महिलाओं ने कहा कि हम में से कोई भी ट्रैक्टर नहीं चला पता है। इस दौरान राहुल गांधी के लिए खेत पर ही महिलाओं द्वारा बनाया गया खाना भी लाया गया। टिफिन बॉक्स में रोटी आदि परोसी गई।

आज राहुल ने पूछा कि महिलाएं ज्यादा काम करती हैं या फिर पुरुष। इस पर महिलाओं ने कहा कि महिलाएं ज्यादा करती हैं। वहीं, जब एक महिला ने कहा कि उन्हें दिखाई नहीं देता है, आंखों में मोतियाबिंद हो गया है। इस पर राहुल ने कहा कि आपको हम दिखवा देते हैं, जिस पर महिला ने कहा कि ठीक है दिखवा दीजिए। एक महिला ने कहा कि सब हमारे बारे में ही पूछ रहे, कुछ अपने बारे में भी बताइए। इस पर राहुल ने जवाब दिया कि मैं दिल्ली का हूं। महिला ने कहा कि फिर हमें भी दिल्ली दिखवा दीजिए। राहुल ने कहा कि आ जाइए फिर। मेरा घर नहीं है, सरकार ने ले लिया है।

राहुल ने इसका वीडियो साझा करते हुए लिखा है कि ‘धान की रोपाई, मंजी पर रोटी- किसान हैं भारत की ताकत’। राहुल ने आगे कहा कि सोनीपत, हरियाणा में मेरी मुलाकात दो किसान भाइयों, संजय मलिक और तसबीर कुमार से हुई। वो बचपन के जिगरी दोस्त हैं, जो कई सालों से एक साथ किसानी कर रहे हैं। उनके साथ मिल कर खेतों में हाथ बटाया, धान बोया, ट्रैक्टर चलाया और दिल खोल कर कई बातें हुईं’।

यह भी पढ़ें- अचानक किसानों के बीच पहुंचे राहुल गांधी, कीचड़ भरे खेत में चलाया ट्रैक्टर, धान भी रोपे

इसके साथ ही कहा कि ‘गांव की महिला किसानों ने अपने परिवार की तरह प्यार और सम्मान दिया और घर की बनी रोटियां खिलाईं। कांग्रेस पूर्व अध्‍यक्ष ने कहा कि सच्चे और समझदार हैं भारत के किसान, अपनी मेहनत भी जानते हैं, अपने अधिकार भी पहचानते हैं। जरूरत आने पर काले कानूनों के खिलाफ डट जाते हैं तो साथ में एमएसपी और बीमा की सही मांग भी उठाते हैं। अगर हम उन्हें सुने, उनकी बात समझें तो देश की कई समस्याएं भी सुलझ सकती हैं।

वहीं राहुल गांधी ने ट्विटर में किसानों से बातचीत का वीडियो लिंक भी साझा किया। यू-ट्यूब पर 11 मिनट 54 सेकेंड के उस वीडियो में राहुल गांधी किसानों से उनकी फसल को तैयार करने में आने वाली लागत और मौजूदा समय में सरकार की नीतिओं से हो रही परेशानियों पर बात करते नजर आए।

यह भी पढ़ें- मणिपुर में रोका गया राहुल गांधी का काफिला तो कांग्रेस बोली ये दुर्भाग्यपूर्ण, नरेंद्र मोदी ने चुप्‍पी तोड़ने की नहीं उठाई जहमत