अखिलेश का दावा, भाजपा को अगले चरणों में नहीं मिलेंगे ‘बूथ एजेंट’

अखिलेश यादव

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को एक बार फिर भाजपा पर हमला बोला है। साथ ही अखिलेश ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव के पहले दो चरण में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मतदाता नहीं मिले और अगले चरणों में उसे ‘बूथ एजेंट’ तक नहीं मिलेंगे। सपा मुखिया ने शुक्रवार को हुए दूसरे चरण के मतदान के बाद एक ‘बूथ एजेंट’ से बातचीत की एक समाचार चैनल की वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर साझा की।

अखिलेश यादव ने शनिवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘भाजपा के नेताओं के दस साल लगातार झूठ पर झूठ बोलने के बाद आज भाजपा का जो बुरा हाल हो रहा है, उस सच को बोलने की हिम्मत भाजपा का एक ‘बूथ एजेंट’ कर रहा है। ये ‘बूथ एजेंट’ कह रहा है कि इनके (भाजपा के) पक्ष में मतदान नहीं होने का कारण भाजपा सरकार के खिलाफ जनता का रोष है जिसकी वजह महंगाई – बेरोजगारी जैसे असल मुद्दे हैं।’’ सपा सुप्रीमो ने कहा, ‘‘पहले दो चरण के मतदान के बाद अगले चरणों में भाजपा का हाल और बुरा होगा।’’

यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में करीब एक चौथाई उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले

उन्होंने कहा ‘‘अभी दो चरण में भाजपा को मतदाता नहीं मिले, अगले चरणों में ‘बूथ एजेंट’ तक नहीं मिलेंगे। जनता ने भाजपा का बोरिया-बिस्तर और झोला सब बांध दिया है।’’ उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीट के लिए सभी सात चरणों में मतदान होना है जिसमें शुरू के दो चरणों में आठ-आठ सीटों के लिए 19 अप्रैल और 26 अप्रैल को मतदान हो चुका है। अगले पांच चरणों में 64 सीटों पर मतदान होना है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का तंज, भाजपा की खिड़की खाली है, पहले दिन ही पहला शो फ्लाप हो गया’