आरयू वेब टीम। केरल में एसआइआर के विरोध में शनिवार को मार्च बुलाया गया। इस कार्यक्रम में कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके शामिल हुए और प्रदर्शन के जरिए एसआइआर की प्रक्रिया वापस लेने की मांग की गई। साथ ही दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मोदी 120 साल तक भी सत्ता में रहें, तब भी महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर और जवाहरलाल नेहरू की बराबरी नहीं कर सकते।
अभिजीत दीपके ने कहा कि महात्मा गांधी भारत की आत्मा, बाबा साहब अंबेडकर देश की रीढ़ और पंडित जवाहरलाल नेहरू भारत का दिमाग हैं। “नरेंद्र मोदी में इनसे बड़ा बनने की औकात नहीं है। वह चाहे 120 साल तक सत्ता में रहें, लेकिन इन महान नेताओं की बराबरी नहीं कर सकते।” सीजेपी प्रमुख ने आरोप लगाया कि जब ये नेता देश की आजादी के लिए लड़ रहे थे, तब आरएसएस अंग्रेजों के साथ खड़ा था और उनके हितों के लिए काम कर रहा था।
यह भी पढ़ें- संयुक्त प्रेसवार्ता में दीपके ने कहा, देश में तिरंगा लहराना भी बना अपराध, नेहा बोरा व प्रकाश राज ने भी उठाया मोदी सरकार पर सवाल
युवाओं को क्यों कहा जा रहा पाकिस्तान समर्थित
वहीं दीपके ने एसआइआर के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे युवाओं को लेकर मोदी सरकार के रुख पर भी सवाल उठाया। साथ ही आरोप लगाया कि सड़कों पर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को कभी पाकिस्तान समर्थित, कभी अमेरिका समर्थित और कभी अमेरिकी कारोबारी जॉर्ज सोरोस से फंडेड बताया जाता है। सीजेपी संस्थापक ने सवाल किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए इतने महत्वपूर्ण क्यों हैं कि सरकार अपने ही देश के युवाओं के खिलाफ ‘युद्ध’ कर रही है। दीपके ने कहा कि सरकार में बदलाव का रास्ता केवल चुनावी व्यवस्था के जरिए निकलता है और युवाओं के लोकतांत्रिक विरोध को इस तरह से खारिज नहीं किया जाना चाहिए।
अगर प्रधानमंत्री के अपने बच्चे होते तो…
प्रदर्शन के दौरान दीपके ने आरोप लगाया कि पीएम को देश के बच्चों और युवाओं की चिंता नहीं है। अगर प्रधानमंत्री के अपने बच्चे होते तो उन्हें बच्चों की समस्याओं का बेहतर अंदाजा होता। दीपके इससे पहले कह चुके थे कि वे स्थानीय आयोजकों और अभिनेता- सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश राज के निमंत्रण पर कोच्चि पहुंचे हैं।
‘जंतर-मंतर एट कोच्चि’
कोच्चि में सीजेपी के कार्यक्रम को ‘जंतर-मंतर एट कोच्चि’ नाम दिया गया है। प्रदर्शन के दौरान केरल के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग पहुंंचे। आयोजकों के मुताबिक, प्रदर्शन मार्च शनिवार शाम चार बजे कोच्चि के मरीन ड्राइव से शुरू हुआ। इसमें अभिजीत दीपके और एक्टर प्रकाश राज के अलावा सीजेपी की राष्ट्रीय नेता अफरीन नवाज और दक्षिण भारत के प्रभारी विजय रेड्डी मल्लांगी भी शामिल हुए।




















