आरयू ब्यूरो, लखनऊ/मुरादाबाद। मुरादाबाद में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर छजलैट थाना क्षेत्र के लदावली गांव के पास रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत घायलों की मदद के साथ ही पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के मुताबिक मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस छजलैट की ओर से मुरादाबाद आ रही थी। गांव लड़ावली स्थित इंडियन आयल पेट्रोल पंप के पास सामने से गन्ने की ट्रैक्टर-ट्राली आ रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। ट्रैक्टर-ट्राली से बस की ड्राइवर साइड टकराने से उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। दुर्घटना में कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, लेकिन चार यात्रियों की जान नहीं बचाई जा सकी।
यह भी पढ़ें- दर्दनाक: पिकनिक से लौट रही स्कूली बस को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने मारी टक्कर, चार बच्चों की मौत, 21 घायल
मृतक की पहचान सदुपुरा गांव निवासी अर्चना पत्नी जानसन मसीह और उनके पांच वर्षीय बेटे सुशांत की मौके पर ही मौत हो गई। इनके अलावा नूरपुर बिजनौर निवासी लोकेंद्र, दीपिका चौहान ने भी दम तोड़ दिया। जबकि अर्चना के पति जानसन मसीह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस संबंध में जिला अस्पताल के डॉक्टर नीरज अग्रवाल ने बताया कि शनिवार सुबह चार लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें एक बच्चा भी शामिल था। डॉक्टर के मुताबिक चारों को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया। वहीं हादसे में घायल अन्य यात्रियों का इलाज जारी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।




















