आरयू वेब टीम। राजस्थान के कोटा में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर खाटूश्याम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी क्रूजर वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। जिसमें एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मिली जानकारी के मुताबिक क्रूजर वैन में कुल 16 लोग सवार थे। ये सभी महाराष्ट्र के रहने वाले थे और राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी सभी श्रद्धालु महाराष्ट्र लौट रहे थे। इसी दौरान राजस्थान के नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा के पास उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। जिससे मची चीख- पुकार सुनकर स्थानीय लोग इक्टठा हो गए और पुलिस को इसकी सूचना दी।
बताया जा रहा है कि ट्रक में कुछ खराबी आ गई थी, जिसके चलते ड्राइवर ने उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। मध्य प्रदेश निवासी ट्रक चालक मोहम्मद हारुन वाहन की जांच कर रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही क्रूजर वैन ने पहले उसे टक्कर मारी और फिर ट्रक में जा घुसी। हादसे में वैन सवार नौ लोगों की जान चली गई। ट्रक ड्राइवर समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों और घायलों में छोटे बच्चे भी शामिल हैं।
हादसे की सूचना पाकर एसपी तेजस्विनी गौतम समेत पुलिस प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जबकि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
यह भी पढ़ें- दर्दनाक: मथुरा दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप ट्रक से टकराई, पांच की मौत, 16 घायल
पुलिस उप अधीक्षक पंचम हिमांशु सिंह पवार ने स्थानीय मीडिया को बताया कि मूल रूप से महाराष्ट्र के धुले निवासी यह लोग हैं। यह बीते छह दिनों से राजस्थान की धार्मिक यात्रा पर थे। हादसे में नौ लोगों की मौत हुई है। इनमें ऊषाबाई पत्नी श्री सज्जन, सुशीला पत्नी बाबूलाल पंवार, कैलाश पुत्र भगवान पंवार, सानवी पुत्री गणेश, सज्जन पुत्र दौलत पंवार, अनीता पुत्री की कैलाश, बाबूलाल पंवार पुत्र दौलत पंवार, जानवी पुत्री कैलाश पंवार, माधवी पत्नी गणेश पंवार हैं।
वहीं इस हादसे में आठ लोग घायल हैं, जिनमें मनीषा पत्नी शरद पंवार, मयूरी पुत्री शरद पंवार, जगदीश पुत्र कैलाश पंवार, श्रीजीत पुत्र गणेश पंवार, शरद पुत्र बाबूलाल पंवार, गणेश पुत्र सैयद पंवार और क्रूजर चालक कैलाश और ट्रक चालक हारून पुत्र सलीम है।




















