आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा के नारे पर चुटकी लेते हुए कहा कि, कमल छोड़कर लोग हमारे साथ आ गए हैं और अब कमल और मुरझा जाएगा। भाजपा के लोग अब नया नारा ढूंढेंगे। उन्होंने कहा ये लोग नारा लगा रहे हैं कि, राधे राधे कमल खिला दे, जिसका सीधा मतलब है कि कमल मुरझा गया है। हमारे यहां जब किसी की विदाई होती है तो राधे राधे कहा जाता है, इसका मतलब साफ है कि अब भाजपा की विदाई होने जा रही है।
सपा मुख्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में अखिलेश यादव नए नेताओं और कार्यकर्ताओं को सपा में शामिल किया। साथ ही सपा में शामिल होने वाले अनिल कसाना और अन्य नेताओं को बधाई देते हुए भरोसा दिलाया कि गाजियाबाद और लोनी विधानसभा से जुड़े सभी वादे सरकार बनने पर पूरे किए जाएंगे। उन्होंने अवधेश चौहान के सपा में शामिल होने का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार सीतापुर में भाजपा शून्य होने जा रही है और यहां जो भी अवधेश हैं, सभी जीत रहे हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में बीडीसी सदस्यों और उत्पल राय के समर्थकों ने भी सपा की सदस्यता ली।
यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा, फार्म-6 की गड़बड़ी पर भ्रष्ट अफसर जाएंगे जेल, कोई भाजपाई नहीं आएगा बचाने
वहीं बीडीसी सदस्यों को लोकतंत्र की सबसे पहली चुनी हुई इकाई बताते हुए अखिलेश ने अंकित सिंह, सूरज सिंह, राम सागर, बबलू चौहान, प्रांशु मिश्रा, अंकित वर्मा, पवन चौहान, कमलेश रावत और राधेश्याम राजपूत का स्वागत किया। अखिलेश ने नए साथियों को आश्वस्त किया कि सपा में शामिल होने पर भाजपा के लोग जांच करा सकते हैं, लेकिन सपा किसी के साथ अन्याय नहीं होने देगी और हर सुख दुख में उनके साथ खड़ी रहेगी।
सत्ता में आने पर बंद होगी अग्निवीर योजना
इस दौरान पूर्व सीएम ने ऐलान करते हुए कहा कि जब भी समाजवादियों को सत्ता में आने का मौका मिलेगा, अग्निवीर जैसी व्यवस्था को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने समाजवादी पार्टी की वेबसाइट भी लॉन्च की। अखिलेश ने कहा कि आज के समय में तकनीक के माध्यम से जो भी लोग पार्टी से जुड़ना या दूसरों को जोड़ना चाहते हैं, उनका स्वागत है। वेबसाइट के जरिए मिलने वाले सुझावों पर सपा काम करेगी। जबकि अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि आज न्याय मिलना, सम्मान पाना और संविधान के तहत जनता का अधिकार बचाना सबसे बड़ा संकट बन गया है। इस सबका कारण भाजपा है और भाजपा के हटने पर ही यह संकट खत्म होगा।
ऐसी कौन सी दिव्य दृष्टि
वहीं अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी के पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि, सुनने में आया है कि 1.27 करोड़ वोटों वाले बयान के बाद चुनाव आयोग ने मुख्यमंत्री पर दबाव डाला और तब से उन्होंने वह बयान दोबारा नहीं दोहराया है। उन्होंने सवालिया अंदाज में कहा कि आखिर उनके पास ऐसी कौन सी दिव्य दृष्टि या जानकारी है, जिसके आधार पर उन्होंने यह दावा किया कि वोटर लिस्ट से केवल हिंदू मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि हकीकत यह है कि पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समुदायों के वोटों के साथ खेल किया जा रहा है।
हस्ताक्षर के साथ चुनाव आयोग को लिखेंगे लेटर
इसके अलावा अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि सपा के सभी विधायक, एमएलसी और सांसद अपने हस्ताक्षर के साथ चुनाव आयोग को एक लेटर लिखेंगे। इस लेटर में उन अधिकारियों के नाम शामिल होंगे जिन्होंने भाजपा कार्यकर्ता की तरह काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि, भाजपा सरकार आने के बाद से कई अधिकारियों को हटाया नहीं गया है और रिश्तेदार ऐसी कुर्सियों पर बैठे हैं जिनसे न्याय की उम्मीद नहीं की जा सकती। नौगांव सादात उपचुनाव का उदाहरण देते हुए उन्होंने दावा किया कि वहां 27 बूथों पर फर्जी मतदान कराने वाले अधिकारी को पहले दूसरे जिले और अब नौ विधानसभा सीटों वाले जिले में तैनात किया गया है, ताकि एक जिले के वोट दूसरे जिले में बनवाए जा सकें।



















