आरयू ब्यूरो, लखनऊ। इस बार यूपी विधानसभा चुनाव में दलित समाज भाजपा का हमेशा के लिए सफाया कर देगा। जो लोग भाजपा के साथ हैं, वह दलित विरोधी है। दलित समाज पीडीए के साथ एकजुट रहकर 2024 की तरह 2027 में भाजपा को हमेशा के लिए हरा देगा। अपनी हार देख घबराई भाजपा अब मतदाताओं के वोट में हेराफेरी कर रही है।
उक्त बातें आज यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने आगरा में आयोजित दलित महासम्मेलन में योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कही है। अखिलेश ने कहा कि बीजेपी वोटर लिस्ट में धांधली का प्रयास कर रही। पहले वोटर लिस्ट का एसआईआर कराया और अब एसएसआर करा रहे है।
योगी आदित्यनाथ के कष्ट का जिक्र करते हुए यूपी के पूर्व सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तो इतना घबरा गये हैं कि बोल रहे है। एक करोड़ 27 लाख हिन्दुओं के वोट कट गये। सोचने वाली बात है चुनाव आयोग और अधिकारी सब इन्ही के फिर वोट कैसे कट गये।
वोट नहीं, तो संविधान नहीं बचेगा
अखिलेश ने आगे कहा कि दरअसल दमदार दलित भाइयों ने अपने वोट बनवा लिए और मुस्लिम भाइयों ने अपने वोट बचा लिए इसीलिए भाजपा घबराई हुई है। सभी को भाजपा से सावधान रहना है। अपने वोट को बचाये रखना है। वोटर लिस्ट की निगरानी करना है। अगर वोट नहीं बचा तो संविधान नहीं बचेगा, संविधान नहीं बचेगा तो अधिकार नहीं बचेगा। जो लोग संविधान खत्म करना चाहते है वहीं लोग हमारे आपके वोट के खत्म करना चाहते है। इसलिए वोट बचाओ-संविधान बचाओ। यह लड़ाई हमारे आपके सम्मान और अधिकार की लड़ाई है।
आगरा से PDA आन्दोलन की शुरुआत
सपा के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन द्वारा आयोजित दलित महासम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिलेश ने आज यह भी कहा कि आगरा से पीडीए आन्दोलन की शुरुआत हो रही। जन समर्थन देखकर लग रहा कि यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश का ही नहीं पूरे देश का दलित सम्मेलन हो रहा है।
भाजपा बेईमानी पर उतारू
भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि उन्होंने कहा कि जो अंगद का पैर जमाने की बात कर रहे थे, आगरा सम्मेलन के बाद उनकी जमीन खिसक गयी है। जनता भाजपा के अन्याय, अत्याचार के खिलाफ खड़ी हो रही तो भाजपा बेईमानी पर उतारू है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार विधान परिषद के चुनाव में काशी में हार गयी। आगरा में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को हराने के लिए भाजपा ने सत्ता का दुरूपयोग किया, प्रताड़ित किया, अपमानित किया, कपड़े तक फाड़ दिये लेकिन आगरा के दमदार साथियों का साथ मिला सपा का प्रत्याशी चुनाव जीत गया। पीडीए में एक ए और जुड गया। जो पीड़ित, दुखी, अपमानित है वही हमारा पीडीए है। हमारा पीडीए पीड़ित के साथ खड़ा है।




















