इंडिगो की पुणे-गुवाहाटी फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी, कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

इंडिगो की फ्लाइट
फाइल फोटोे।

आरयू वेब टीम। पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो फ्लाइट में अचानक तकनीकी खराबी आने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। जिसके बाद फ्लाइट की पुणे एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान फ्लाइट में 192 यात्री सवार थे। हालांकि सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।

मिली जानकारी के मुताबिक इंडिगो फ्लाइट 6E 0623 (VT-IZE) रविवार को 192 यात्रियों को लेकर पुणे से गुवाहाटी जा रही थी। तभी विमान का लैंडिंग गियर (अंडरकैरेज) टेकऑफ के बाद ऊपर नहीं हो पाया और बाहर की स्थिति में ही फंसा रहा। इसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद भारतीय वायुसेना ने फुल इमरजेंसी घोषित कर दी। इसके बाद एयरपोर्ट पर निर्धारित आपातकालीन सुरक्षा प्रक्रियाएं सक्रिय कर दी गईं। दमकल गाड़ियों, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया।

सुरक्षा के मद्देनजर फ्लाइट ने रनवे के ऊपर से लो पास किया, ताकि लैंडिंग गियर की स्थिति का नेत्र परीक्षण किया जा सके। इसके बाद विमान ने सुबह 9:04 बजे पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। लैंडिंग के बाद तीन दमकल गाड़ियों और दो एंबुलेंस की निगरानी में विमान को बे नंबर-7 तक पहुंचाया गया। विमान की स्थिति सामान्य और सुरक्षित होने की पुष्टि के बाद सुबह 9:10 बजे एटीसी ने फुल इमरजेंसी वापस ले ली।

यह भी पढ़ें- दिल्‍ली आ रही एयर इंडिया फ्लाइट की फ्लाइट को मिला हाईजैक अलर्ट, रास्‍ते में हुई इमरजेंसी लैंडिंग

इस संबंध में पुणे एयरपोर्ट अथॉरिटी ने एक बयान में कहा कि पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को बताया कि एयरक्राफ्ट का लैंडिंग गियर (अंडरकैरिज) पीछे नहीं हट पाया और फैली हुई जगह पर ही रहा। जानकारी मिलने के बाद पुणे एयरपोर्ट अथॉरिटी ने तुरंत एटीसी, इंडिगो और दूसरी संबंधित एजेंसियों से कोऑर्डिनेट किया। साथ ही कहा कि एयरपोर्ट को मैनेज करने वाली इंडियन एयर फोर्स ने ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी, जिसके बाद सभी तय इमरजेंसी रिस्पॉन्स प्रोसीजर एक्टिवेट कर दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि असेसमेंट के बाद एयरक्राफ्ट सुबह 9.04 बजे पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित रूप से लैंड कर गया।

बाद में एयरोब्रिज को एयरक्राफ्ट से जोड़ा गया और सभी पैसेंजर को सुरक्षित उतार लिया गया। इस दौरान ‘पैसेंजर और क्रू समेत एयरक्राफ्ट में सवार सभी यात्री सुरक्षित थे और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।’ इस बीच इंडिगो प्रभावित पैसेंजर की गुवाहाटी तक आगे की यात्रा को आसान बनाने के लिए बेंगलुरु से पुणे के लिए एक दूसरे एयरक्राफ्ट का इंतजाम किया।

यह भी पढ़ें- इंडिगो की फ्लाइट से फिर निकला धुआं, लखनऊ एयरपोर्ट पर करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग