आरयू वेब टीम। जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही फ्लाइट हाईजैक होने के अलर्ट के बाद हड़कंप मच गया। जिसके बाद एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 की जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को फ्लाइट को लेकर अलर्ट मिला था, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में सभी पैसेंजर्स को डीबोर्ड किया गया। सभी पैसेंजर्स को टर्मिनल में बैठाया गया है। विमान को आइसोलेशन वे पर लाया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 को बुधवार को विमान में बम होने और संभावित हाईजैक की सूचना सामने आई थी। जिसके बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया। जिसके बाद बोइंग 787-9 विमान सुबह नौ बजकर 35 मिनट पर जयपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा। विमान में सवार सभी 306 यात्री सुरक्षित हैं।
विमान को जयपुर एयरपोर्ट के आइसोलेशन वे पर ले जाया गया। सुरक्षा संबंधी आपात स्थितियों में विमान को आइसोलेशन वे पर रखा जाता है, ताकि सुरक्षा एजेंसियां उसकी जांच कर सकें और अन्य विमानों से उसे अलग रखा जा सके। बताया जा रहा है कि विमान के पायलट ने कुछ सेकेंड के लिए स्क्वाक-7500 कोड घोषित किया था। विमानन क्षेत्र में स्क्वाक-7500 का इस्तेमाल हाईजैक या विमान पर अवैध कब्जे की स्थिति का संकेत देने के लिए किया जाता है। इसी अलर्ट के बाद विमान को जयपुर की ओर डायवर्ट कर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
यह भी पढ़ें- यात्रियों को दिल्ली ले जा रही Air India की फ्लाइट में आई खराबी, करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
इससे पहले 30 सितंबर 2026 को दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 से भी हाईजैक अलर्ट आया था। बोइंग 737 मैक्स विमान ने पहले इमरजेंसी कोड 7700 और फिर कुछ समय के लिए स्क्वाक- 7500 जारी किया। 7500 कोड विमान में हाईजैक या अवैध हस्तक्षेप की आशंका का संकेत देता है। इसके बाद विमान का रास्ता बदला गया और सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
यह भी पढ़ें- इंडिगो की फ्लाइट से फिर निकला धुआं, लखनऊ एयरपोर्ट पर करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग




















