फिर बिगड़ी शरद पवार की तबीयत, मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती

शरद पवार

आरयू वेब टीम। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख और वरिष्ठ नेता शरद पवार की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। गुरुवार को शरद पवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलते ही राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई। बेटी और सांसद सुप्रिया सुले भी अपनी बैठक बीच में छोड़कर पिता से मिलने अस्पताल पहुंचीं।

सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर अपने व्हाट्सएप स्टेटस के जरिए पिता की सेहत को लेकर जानकारी साझा की। सुप्रिया ने अपने संदेश में बताया कि वह अपने पिता को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करा रही हैं। साथ ही आशंका जताई कि शरद पवार को डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की कमी की समस्या हो सकती है।

आगे कहा कि उनके पिता को अब कुछ समय आराम करने और अपनी यात्राएं कम करने की जरूरत है। उन्होंने ये भी कहा कि बाबा उनकी बात नहीं सुनते और उन्हें अपने काम से बेहद लगाव है। सुप्रिया के इस संदेश से साफ है कि परिवार उनकी व्यस्त दिनचर्या और लगातार यात्राओं को लेकर चिंतित है।

इस दौरान सुप्रिया सुले ने शरद पवार के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताने वाले लोगों का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने समर्थकों और शुभचिंतकों की ओर से मिल रहे संदेशों और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया। हालांकि अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन सामने नहीं आया है। इसलिए उनकी सेहत को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

यह भी पढ़ें- फिर बिगड़ी शरद पवार की तबीयत, पुणे के अस्पताल में किया गया भर्ती

शरद पवार की तबीयत पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा में रही है। इससे पहले भी उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। दो नवंबर को उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। उस समय उन्हें खांसी और सांस लेने के दौरान सीने में दर्द की शिकायत थी।

यह भी पढ़ें- अस्पताल से छुट्टी के कुछ घंटों बाद फिर बिगड़ी शरद पवार की तबीयत, ब्रीच कैंडी में बेटी सुप्रिया सुले ने कराया भर्ती