आरयू वेब टीम। महाराष्ट्र के दिग्गज राजनेता शरद पवार की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। शरद पवार को सुबह पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक से छुट्टी मिलने के कुछ ही घंटों बाद ही तबीयत बिगड़ने कारण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी बेटी और बारामती से सांसद सुप्रिया सुले ने इस बात की पुष्टि की है।
सुप्रिया सुले ने एक्स पर पोस्टकर कहा कि ‘हम बाबा (शरद पवार) को आगे की जांच के लिए ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करा रहे हैं। आप सभी की चिंता और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद।’ फिलहाल उनकी नई जांचों के नतीजों या ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती किए जाने की वजह को लेकर विस्तृत मेडिकल जानकारी सामने नहीं आई है।
दरअसल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार को सोमवार को सीने में दर्द की शिकायत के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। शरद पवार की बेटी और पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने इसकी जानकारी दी थी। सुप्रिया सुले ने बताया था कि खांसी आने के बाद 85 वर्षीय नेता को रूबी हॉल क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। जबकि आज डिस्चार्ज की जानकारी भी साझा की।
यह भी पढ़ें- परिसीमन बिल पर सुप्रिया सुले ने कहा, 50 प्रतिशत सीटें बढ़ीं तो समर्थन का करेंगे विचार




















