आरयू ब्यूरो, लखनऊ। अगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो ने अपनी टीम को सतर्क करना शुरू कर दिया है। आज अखिलेश यादव ने सपा के नेता व कार्यकर्ताओं को सावधान करते हुए कहा है कि वह धैर्य से काम करते हुए भाजापा के किसी उकसावे में नहीं आये। भाजपा चुनाव में चोरी व वोटर लिस्ट में हेराफेरी कर यूपी में सत्ता बनाए रखना चाहती है।
झूठ, लूट और बेईमानी भाजपा की पहचान
दिवाली से पहले सपा के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आए सपा नेता व कार्यकर्ताओं को सं व समर्थकों संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की दुश्मन है यह जनता के वोट का अधिकार छीन रही है। झूठ, लूट और बेईमानी बीजेपी की पहचान बन चुकी है। बीजेपी समाजवादी पार्टी नेतृत्व और पीडीए पर झूठा आरोप लगाकर बदनाम करती है। भाजपा के साजिश और षड्यंत्र से सावधान रहना है। 2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। अगर वोटर लिस्ट में नाम रहेगा तभी लोकतंत्र बचेगा।
BJP को हमेशा के लिए हराना
योगी सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि बीजेपी सत्ता का दुरुपयोग करने पर उतारू है, सपा और पीडीए को पूरी ताकत से दिन-रात एक करके विधानसभा चुनाव जीतते हुए भाजपा को हमेशा के लिए हराना है। जनता सपा के साथ है उसे सपा पर भरोसा है।
बीजेपी सरकार में चरम पर भ्रष्टाचार
हमला जारी रखते हुए यूपी के पूर्व सीएम ने कहा कि जनता भाजपा के कुशासन से त्रस्त है। बीजेपी सरकार में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। भाजपा ने पूरे प्रदेश में लूट मचा रखी है। भाजपा जनता की नजरों में गिर चुकी है और उसका ग्राफ भी लगातार गिर रहा। पहले लोकसभा चुनाव में हार से और अब विधान परिषद चुनाव की हार से भाजपा की जमीन खिसक चुकी है।
…बड़ी-बड़ी डीगें हांकने के अलावा कुछ नहीं
सीएम योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा नेताओं के पास बड़ी-बड़ी डीगें हांकने के अलावा कुछ नहीं बचा है। भाजपा हार से बौखला गई है, इसीलिए सपा और उसके नेतृत्व को बदनाम करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है। भाजपा और उसके नेता जनता को भ्रमित करना चाहते हैं। प्रदेश और देश की जनता भाजपा की सच्चाई समझ चुकी है, अब उसके झांसे में नहीं आने वाली है।
यूपी चुनाव में जनता करेगी भाजपा का सफाया
योगी सरकार पर सवाल उठाने के साथ ही यूपी के पूर्व सीएम ने आज यह भी दावा किया कि इस बार यूपी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा का सफाया कर देगी। सपा के सभी सभी नेता और कार्यकर्ता मतदाता सूची पर पूरी नजर रखें। अपना वोट देखें और अपने आसपास के लोगों के वोट को भी मतदाता सूची में देखते रहें। एक भी वोट कटना नहीं चाहिए। भाजपाई बेईमान लोग हैं, इनसे सावधान रहना है। जनता भाजपा के साथ नहीं है। वह चोरी और बेईमानी से ही चुनाव जीतती है।
आधार से जुड़े वोटर लिस्ट
इसके अलावा अखिलेश यादव ने कहा कि हमारी मांग है कि वोटर लिस्ट को आधार कार्ड से जोड़ा जाए। आधार कार्ड में हर वोटर की पूरी जानकारी होती है। आधार कार्ड से मतदाता सूची जुड़ने से वोट चोरी और हेराफेरी रुकेगी।




















