बसपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री लालजी वर्मा व रामअचल राजभर समेत दर्जनों नेता हुए सपा में शामिल

समाजवादी पार्टी की सदस्यता
प्रेसवार्ता में बोलते अखिलेश यादव।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व नेताओं के दल बदलने का सिलसिला जारी है। इस बीच मायावती के बेहद करीबी रहे पार्टी से निष्‍कासित बसपा के कद्दावर नेता तथा विधायक लालजी वर्मा और रामअचल राजभर ने सोमवार को समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मायावती के मुख्यमंत्रित्वकाल में कैबिनेट मंत्री रहे लालजी वर्मा तथा रामअचल राजभर को पार्टी की सदस्यता दिलाई। बहुजन समाज पार्टी ने पूर्व कैबिनेट मंत्री लालजी वर्मा के साथ रामअचल राजभर को अक्टूबर 2020 में पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण पार्टी से निष्कासित कर दिया था। इसके बाद बीती जून में लालजी वर्मा के साथ रामअचल राजभर के सपा में शामिल होने की चर्चा ने जोर पकड़ा।

वहीं सपा की ओर से आज दी गयी जानकारी के अनुसार भाजपा छोड़कर आज समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में बस्ती के त्रयंबक पाठक, इंजीनियर प्रवीन पाठक, अरविन्द सिंह पूर्व ब्लाक प्रमुख, महेश सिंह पूर्व ब्लाक प्रमुख, शिवशंकर पूर्व प्रमुख, हरेन्द्र कुमार शुक्ला के नाम प्रमुख हैं। इसके अलावा विनीता सरोज, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महिला सभा लोजपा ने सपा की सदस्यता ली है। फरेंदा विधानसभा क्षेत्र से निषाद पार्टी के पूर्व प्रत्याशी राजकुमार निषाद, लोकतांत्रिक जनता दल से राम सुफल यादव भी समाजवादी पार्टी में शामिल हुए हैं।

यह भी पढ़ें- बसपा के पूर्व सांसद को सपा में शामिल कर अखिलेश का भाजपा पर तंज, जनता वोटों से कुटाई को तैयार, 300 सीटें जीतने का गणित भी बताया

आज बसपा के आगरा मंडल के पूर्व अध्यक्ष शकील कुरैशी, पूर्व जोनल इंचार्ज आगरा आजाद सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष मथुरा वीरेन्द्र सिंह जाटव, मंडल संयोजक वीर सिंह कोरवाल, पूर्व जिला प्रभारी मथुरा श्याम सुन्दर कर्दम, प्रधान पुष्कर सिंह जाटव, पूर्व उपब्लाक प्रमुख  हजारी लाल, पूर्व मंडल संयोजक वैद्य औगड़ नाथ प्रजापति, अर्जुन सिंह भी समाजवादी पार्टी के सदस्य बन गए हैं।

इसके अलावा कांग्रेस से नोएडा के पूर्व महानगर अध्यक्ष कुलदीप अवाना, पूर्व प्रत्याशी दादरी विधानसभा चौधरी जिले सिंह के अतिरिक्त पूर्व अध्यक्ष भाजपा नोएडा, भरत अवाना, नोएडा में बसपा के वरिष्ठ नेता केपी प्रधान तथा आप पार्टी के दादरी विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी हरदीप भाटी आज समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए है।

इस दौरान मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने योगी सरकार के साथ भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण के समय जिस समय जनता को दवाई की जरूरत थी जिस समय उत्तर प्रदेश की जनता को इलाज की जरूरत थी, जिस समय उत्तर प्रदेश की जनता को ऑक्सीजन की जरूरत थी, उस समय उत्तर प्रदेश की सरकार कहां थी।

यह भी पढ़ें- बसपा के पूर्व कद्दावर नेता राम अचल राजभर व लालजी वर्मा ने की अखिलेश से मुलाकात, सपा ने कहीं ये बातें

सपा मुखिया ने कहा कि इतना ही नहीं प्रदेश में किसान परेशान है, धान की खरीद नहीं हो रही है। मजबूरी में किसान को अपना धान जलाना पड़ा है। आय बढ़ाने वालों ने महंगाई दोगुनी कर दी है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर हम उत्तर प्रदेश को विकास के रास्ते पर लाएंगे। समाजवादी पार्टी तो सदैव बाबा साहब तथा लोहिया जी के विचारों के साथ है।