बसपा के पूर्व सांसद को सपा में शामिल कर अखिलेश का भाजपा पर तंज, जनता वोटों से कुटाई को तैयार, 300 सीटें जीतने का गणित भी बताया

भाजपा पर कसा तंज
नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत करते अखिलेश यादव।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं का दल-बदल जारी है। रविवार को मुजफ्फरनगर से बसपा के पूर्व सांसद कादिर राणा, बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आरएस कुशवाहा, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के पांच बार से अध्यक्ष हरि किशोर तिवारी ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली। इस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, जनता बैठी हुई है कि कब इनका वोटों से कुटाई करने का मौका मिलेगा।

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने हर वर्ग के लोगों को धोखा दिया है। ये नारों और प्रचार में अच्छे लगते हैं। ये नौकरी का झूठा प्रचार करते हैं, युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है। यूपी और दिल्ली दोनों की सरकार ने नौकरी नहीं दी। कितने करोड़ लोगों को आपने नौकरी दी? आप मुझे सूची दीजिए। इस सरकार में अगर आप आवाज उठाओगे तो आपको टायर से कुचल दिया जाएगा।

अखिलेश ने यूपी विधानसभा में तीन सौ सीटों के जीतने का फॉर्म्‍यूला बताते हुए कहा कि सुनने में आया है कि भाजपा अपने 150 विधायकों के टिकट काटने जा रही है। 100 विधायक योगी के खिलाफ विधानसभा में धरने पर बैठे थे। 50 हमारे विधायक हैं। अब हिसाब सीधा है। 300 सीटें तो हम अभी पार कर गए हैं। इस दौरान तंज कसते सपा मुखिया भाजपा सरकार के छह काम गिनाए। उन्होंने कहा कि नाम बदलना, रंग बदलना, नेम प्लेट बदलना, स्टूल पर बिठाना, गड्ढों की जगह जेब भरना व गंगा जल छिड़कना ही बीजेपी सरकार के काम हैं।

साथ ही कहा कि ग्लोबल इंडेक्स के मामले में जो आंकड़े सामने आए चौंकाने वाले हैं। जिस भारत को भुखमरी से लड़ना था, जो भारत सरकार को इंतजाम करने थे वह नहीं किए गए। आज भारत बांग्लादेश, पाकिस्तान के पायदान से भी नीचे आ गए। सबसे कम वजन के बच्चे भारत में हैं। सबसे ज्यादा कुपोषित बच्चे भारत में हैं।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने विजय रथ यात्रा से किया चुनावी शंखनाद, बोले, BJP सरकार को नहीं हटाया तो किसानों की तरह संविधान भी जाएगा कुचला

इतना ही नहीं भाजपा के सबसे ज्यादा सांसद और विधायक जीते। सरकार ने ये दावा किया था कि सत्ता में आते ही महंगाई को रोका जाएगा, लेकिन आज महंगाई बहुत हो गई है। सुबह की चाय से लेकर रात के खाने तक का हिसाब लगाएंगे तो पाएंगे कि हर चीज की कीमत बढ़ गई है। मजदूरों को आज भर पेट खाना नहीं मिल पा रहा है। जो समाजवादी पार्टी ने बच्चों के लिए किचन बनाया था वही है और दूसरा सरकार ने कोई किचन नहीं तैयार किया है। मुझे याद है जब समाजवादी पार्टी की सरकार थी तो एक बच्चे को दूध देने का काम किया जा रहा था। आज बच्चों की पढ़ाई सरकार ने चौपट कर दिया है। ये सरकार किसानों के लिए भी खराब है। आज तक सरकार गन्ने का बकाया राशि नहीं दे पाई। बिजली नहीं दे पा रही है। सरकार अगर कोयले की व्यवस्था पहले से कर लेती तो आज उत्तर प्रदेश के लोग त्योहार नहीं मना पा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- मायावती को अखिलेश का झटका, बसपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव वीर सिंह को किया सपा में शामिल