सपा के विकास कार्यों से छेड़छाड़ कर रही योगी सरकार: अखिलेश यादव

अखिलेश यादव

आरयू ब्‍यूरो

लखनऊ। सूबे में सरकार बदलने के बाद अखिलेश यादव की योजनाओं पर भाजपा के भ्रष्‍टाचार के आरोप पर आज अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि धोखे और झूठ के बल पर सत्‍ता में आई योगी सरकार हमारे विकास कार्यों के साथ छेड़छाड़ कर रही है। 2022 में सत्ता में आने पर विकास कार्यों को फिर से पटरी पर लाएंगे।

यह भी पढ़े- अखिलेश यादव के फैसले पर वाहवाही लूटना चाहती है भाजपा: राजेंद्र चौधरी

अखिलेश यादव ने यह बातें सपा के प्रदेश कार्यालय पर आयोजित युवा संगठनों की बैठक के संबोधन के दौरान कही। युवाओं से बोले कि वह गांव-गांव गली-गली जाकर अभियान चलाएं और भाजपा के झूठ को जनता के सामने रखें। भाजपा सपा के विकास कार्यों को अपना बताकर जनता को एक बार फिर धोखा देना चाहती है।

यह भी पढ़े- भाजपा के छल-प्रपंच के सामने दब गया हमारे विकास का मुद्दा:  डिम्‍पल यादव

उन्‍होंने कहा कि बिजली को पहले से शहरी क्षेत्रों में 22 से 24 घंटे और ग्रामीण इलाकों में 16 से 18 घंटे आपूर्ति हो रही थी। हमने किसानों को राहत दी। भाजपा की कर्ज माफी धोखा है। भाजपा किसान विरोधी है। दिल्ली में किसान अर्धनग्न प्रदर्शन को मजबूर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसका जवाब देना चाहिए।

ध्‍वस्‍त हो चुकी है उत्‍तर प्रदेश की कानून-व्‍यवस्‍था

अखिलेश ने वर्तमान हालात पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। कार में जलाकर हत्या हो रही हैं दिनदहाड़े व्यापारी लुट रहे है। महिलाएं असुरक्षित हैं। जानवर ले जाने पर निर्दोष लोगों की हत्या हो रही है। ऐसी हत्‍या करने वाले भी किसी जानवर से कम नहीं है।

यह भी पढ़े- अखिलेश ने कहा फितरत से मजबूर भाजपा आज भी दे रही जनता को धोखा

विकास की बात करते हुए पूर्व मुख्‍यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार ने जितने विकास कार्य किए हैं, उतने तो भाजपा की केंद्र सरकार ने भी नहीं किए है। एक बार फिर अपनी पार्टी के लोगों को चेताते हुए अ‍खिलेश ने कहा कि जनता को आप लोग याद रखेंगे तो जनता भी आपको याद रखेगी। युवा अनुशासन में रहे। हमारे आचरण से दिखना चाहिए कि हम समाजवादी हैं।

इस दौरान सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी, शैलेंद्र यादव, पवन पांडेय, एमएलसी एसआरएस यादव, अरविन्द कुमार सिंह, संजय लाठर, आनन्द भदौरिया, रामबृक्ष यादव, राजपाल कश्यप, विधायक उदयवीर सिंह, युवजन सभा के प्रदेश अध्‍यक्ष बृजेश यादव संग्राम सिंह, मो0 एबाद,  गौरव दूबे, दिग्विजय सिंह, विकास यादव, अतुल प्रधान मौजूद रहे।