आरयू इंटरनेशनल डेस्क। अफ्रीका में गोलीबारी की दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी है। देश के दो बड़े शहरों के पास हुई इन घटनाओं में अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
दक्षिण अफ्रीकी पुलिस के मुताबिक, पहली घटना शनिवार रात जोहान्सबर्ग के दक्षिण-पश्चिम में स्थित वेडेला टाउनशिप के एक बार में हुई। जबकि गोलीबारी की दूसरी घटना रविवार एक बजे केप टाउन के पास लवांडले में हुई। यहां एक स्टोर को निशाना बनाकर गोलीबारी की गई, जिसमें दस लोगों की मौत हो गई। घटना में घायल लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौके पर पहुंची पुलिस और मेडिकल टीम मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुट गई। दोनों घटनाओं में गोली चलाने वालों और हमले की वजह को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और शुरुआती रिपोर्टों में दोनों घटनाओं में कई हमलावरों की तलाश किए जाने की बात सामने आई है।
यह भी पढ़ें- कपिल शर्मा के कनाडा कैफे पर तीसरी बार गोलीबारी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली हमले की जिम्मेदारी
पुलिस के अनुसार, AK-47 राइफल और पिस्तौल से लैस संदिग्धों ने बार में अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। इस हमले में 17 लोगों की मौत हो गई। गोलीबारी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग बार के अंदर ड्रिंक लेते और नाचते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान अचानक गोलियों की आवाज सुनाई देती है और देखते ही देखते वहां अफरा-अफरी मच गई।
बता दें कि दक्षिण अफ्रीका में गोलीबारी की ये घटनाएं ऐसे समय हुई हैं, जब पूर्वी तट पर बसे शहर डरबन के पास एक हाउस पार्टी में भी कुछ दिन पहले गोलीबारी हुई थी। उस घटना में एक गर्भवती महिला समेत 11 लोगों की मौत हो गई थी।



















