मायावती को अखिलेश का झटका, बसपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव वीर सिंह को किया सपा में शामिल

वीर सिंह सपा में शामिल
पार्टी में शामिल नेताओं के साथ अखिलेश यादव व रामगोपाल।

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चुनावी ऐलान से पहले नेताओं का दल बदलना जारी है। वहीं चुनाव से पूर्व मायावती को बड़ा झटका लगा है। बसपा के महाराष्ट्र के प्रभारी एवं पूर्व राष्ट्रीय महासचिव वीर सिंह एडवोकेट ने सपा का दामन थाम लिया है। अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई है। इस मौके पर रामगोपाल यादव भी मौजूद रहे।

इस संबंध सपा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से दी गई जानकारी में कहा गया है कि बसपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव वीर सिंह एडवोकेट आज समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। वीर सिंह के अलावा फिरोजाबाद के पूर्व विधायक अजीम भाई भी सपा के साइकिल पर सवार हो गए हैं।

बसपा ने जारी किया निष्‍कासन पत्र

दूसरी ओर अखिलेश यादव के साथ फोटो वायरल होने के बाद बसपा ने वीर सिंह को तत्काल पार्टी से निष्कासित करने की घोषणा कर दी। मुरादाबाद के जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश ने रविवार दोपहर में निष्कासन पत्र जारी कर दिया। बताया जा रहा है कि वीर सिंह अपने बेटे को अमरोहा की धनौरा सीट से विधायक का टिकट मांग रहे थे। पार्टी हाई कमान के टिकट के लिए इंकार किए जाने पर उन्होंने सपा का दामन थामा है। इससे बसपा को मुरादाबाद मंडल में बड़ा झटका लगा है। वीरसिंह 40 साल से बसपा के लिए काम कर रहे थे।

यह भी पढ़ें- BSP के नगर पालिका चेयरमैन समर्थकों के साथ हुए सपा में शामिल

गौरतलब है कि वीर सिंह बसपा सुप्रीमो मायावती के सबसे करीबी नेताओं में शामिल रहे हैं। वे राज्यसभा के सांसद भी रह चुके हैं, हालांकि 2018 में मायावती ने उन्हें राष्ट्रीय महासचिव के पद से हटा दिया था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच रिश्ते में यहीं से दरार पड़नी शुरू हो गई थी।

बता दें कि विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी लगातार नेताओं को जोड़ने में जुटी है। शनिवार कौ सपा ने जौनपुर के बीजेपी ने नेता विनोद मिश्रा को पार्टी में शामिल कराया था, वहीं शुक्रवार को कांग्रेस नेता गयादीन अनुरागी सहित कई लोग सपा में शामिल हुए थे।

यह भी पढ़ें- मुख्तार अंसारी के बड़े भाई सिबगतुल्लाह अपने बेटे व समर्थकों के साथ हुए सपा में शामिल, अंबिका चौधरी ने भी दोबारा ली सदस्‍यता