बोले अखिलेश, भाजपा सरकार की कुनीतियों के चलते पिछड़ता चला गया यूपी

अखिलेश यादव

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को एक बार फिर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। सपा मुखिया ने कहा है कि भाजपा सरकार का पूरा कार्यकाल विफलताओं का हैं। उसने कोई काम जनहित में नहीं किया। प्रदेश का विकास होने के बजाय भाजपा सरकार की कुनीतियों के चलते यूपी पिछड़ता चला गया है। महंगाई, बेरोजगारी पर कोई नियंत्रण नहीं हुआ। कानून-व्यवस्था बदतर होती गई है। सच तो यह है कि लोगों को कुचलना और उनकी आवाज को दबाना ही भाजपा का एजेण्डा हैं।

पार्टी मुख्यालय के लोहिया सभागार में कार्यकर्ताओं को संबोधित‍ करतें हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा अजीब पार्टी है, जो बिना कुछ किए ही ताल ठोंक रही है। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने समाज के हर वर्ग को परेशान किया है। खुद तो कुछ किया नहीं समाजवादी सरकार के कामों को ही अपना बताकर विज्ञापनों में छपती रही है। साथ ही कहा कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों से राष्ट्रीय राजनीति की दिशा भी तय होगी। लोकतंत्र के लिए भी यह परीक्षा की घड़ी होगी। भाजपा के संभावित षडयंत्रों से हमें सावधान रहना है, क्‍योंकि भाजपा बहुत शातिर है इसलिए इस बार कोई गलती नहीं होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का हमला, आम जनता के मुद्दों पर बहस करने से डरती है भाजपा

इस दौरान अखिलेश ने सपा कार्यकर्ताओं, नेताओं से कहा कि हमें बूथ स्तर तक पार्टी की मजबूती के लिए जुटना होगा। काम करने में किसी भी स्तर पर कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। साथ ही कहा किर प्रदेश के हालात बहुत बिगड़े हुए हैं। समाजवादी सरकार बनने पर ही लोगों की परेशानियां दूर होंगी। किसानों-नौजवानों के हितों का संरक्षण होगा। रोटी-रोजगार की समुचित व्यवस्था होगी। शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाएंगे। अपराध नियंत्रण के प्रभावी उपाय होंगे।

इतना ही नहीं प्रदेश में विकास के अवरूद्ध कामों को फिर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए हमें एकजुट होकर गांव-गांव, घर-घर तक समाजवादी नीतियों तथा समाजवादी सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाना होगा।

यह भी पढ़ें- खिलेश का हमला, कोरोना से मौत के आंकड़े नहीं, अपना मुंह छिपा रही योगी सरकार