आरयू वेब टीम। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केवल बीएस-वीआइ मानक वाली गाड़ियों को अनुमति देने के प्रस्ताव पर विचार करने की बात कही है। सोमवार को वायु प्रदूषण से जुड़े मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा कि कोर्ट का रुख साफ है कि दिल्ली में केवल बीएस-वीआइ गाड़ियों को ही अनुमति दी जाएगी, अगर पूरे एनसीएस में ऐसा करना संभव नहीं हुआ तो कम से कम दिल्ली में तो ये व्यवस्था लागू की जा सकती है।
सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने कहा कि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए और कौन से तात्कालिक और दीर्घकालिक कदम उठाए जा सकते हैं, इस पर विचार किया जाएगा। हालांकि, कोर्ट ने फिलहाल केवल बीएस-वीआइ वाहनों को अनुमति देने के संबंध में कोई अंतिम निर्देश पारित नहीं किया है।
कमर्शियल वाहनों की एंट्री पूरी तरह रोकने की संभावना
वहीं सुप्रीम कोर्ट नेकमर्शियल वाहनों की एंट्री पूरी तरह रोकने की संभावना दिल्ली में कमर्शियल वाहनों की एंट्री पूरी तरह रोकने की संभावना पर भी विचार किया। सीजेआइ सूर्यकांत ने सुझाव दिया कि जरूरी सामान लेकर आने वाले ट्रक दिल्ली की सीमा पर बने वेयरहाउस तक सामान पहुंचाएं। वहां से फल, सब्जियां और रोजमर्रा की जरूरत का सामान छोटे बैटरी चालित या प्रदूषण नहीं फैलाने वाले वाहनों के जरिए शहर के अंदर पहुंचाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- राजधानी में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक, इन इलाकों में AQI 400 पार
साथ ही कहा कि ऐसा इंतजाम इस साल या अगले साल संभव नहीं हो सकता, लेकिन अगले पांच वर्षों में इस दिशा में योजना बनाई जा सकती है। कोर्ट ने कहा कि दिल्ली के लोगों को जरूरी सामान की आपूर्ति भी जारी रहनी चाहिए और प्रदूषण फैलाने वाले भारी कमर्शियल वाहनों पर निर्भरता कम करने के विकल्प तलाशने होंगे।
पड़ोसी राज्यों से भी मांगा जवाब
इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के पड़ोसी राज्यों हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश से भी प्रदूषण कम करने के प्रयासों में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा। कोर्ट ने इन राज्यों को निर्देश दिया कि वे एनसीआर में पार्टिकुलेट प्रदूषण कम करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करें। कोर्ट का जोर इस बात पर है कि दिल्ली के प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए केवल राजधानी में प्रतिबंध लगाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि पूरे एनसीआर में समन्वित प्रयास करने होंगे।




















