आरयू वेब टीम। दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार चिंताजनक बना हुआ है। रविवार को भी कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के 15 नवंबर को सुबह छह बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के नौ निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 400 के पार पहुंच गया। सबसे खराब स्थिति आईआईटी दिल्ली की रही। जहां एक्यूआइ 426 दर्ज किया गया।
इसके अलावा नरेला में 417 और आइटीओ में 415 रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली के द्वारका में एक्यूआइ 407 और जाफरपुर में 406 रहा। वहीं, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में एक्यूआई 404-404 दर्ज किया गया। पूसा में ये 402 और बुराड़ी क्रॉसिंग में 401 रहा। इन सभी इलाकों में हवा गंभीर श्रेणी में बनी हुई है।
कई इलाकों में भी हवा बहुत खराब
दिल्ली के अन्य इलाकों में भी प्रदूषण से राहत नहीं मिली है। आनंद विहार में एक्यूआइ 365 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। इसके अलावा मथुरा रोड पर 394, पंजाबी बाग में 387, चांदनी चौक में 386 और जेएनयू में 385 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। वहीं वसुंधरा एन्क्लेव में एक्यूआई 380, तालकटोरा गार्डन में 375, विवेक विहार में 374, सिरीफोर्ट में 369 और छावला में 366 दर्ज किया गया। सीपीसीबी के मुताबिक, सुबह चह बजे तक उपलब्ध आंकड़ों में दिल्ली के नौ निगरानी केंद्रों पर हवा गंभीर श्रेणी में रही, जबकि बाकी 23 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई।
सबसे खतरनाक एक्यूआइ श्रेणी
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के मुताबिक एक्यूआइ को छह श्रेणियों में बांटा गया है। 0 से 50 तक अच्छी, 51 से 100 तक संतोषजनक, 101 से 200 तक मध्यम, 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 तक गंभीर श्रेणी मानी जाती है। इस लिहाज से दिल्ली के जिन नौ इलाकों में एक्यूआई 400 के पार दर्ज हुआ। वहां प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच चुका है। हवा में प्रदूषण का इतना अधिक स्तर सांस और हृदय संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ा सकता है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में ठंड से पहले जहरीली हुई हवा, लोनी का AQI सबसे खराब




















